रांची (ब्यूरो) । भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में चुनाव आयोग पहुंच कर राजमहल के राधा नगर थाना के प्रभारी को हटाने तथा उधवा दियारा क्षेत्र के सभी बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की है। मौके पर सुधीर श्रीवास्तव ने बताया की मंगलवार को दोपहर दो बजे निमाई टोला, पलाश गद्दी के पास भाजपा कार्य कर्ता सीमंतों मंडल भाजपा का प्रचार प्रसार करते ही पहुंचा तभी चार व्यक्ति मोटर साइकिल पर जेएमएम का झंडा लगाए हुए आये और सीमंतो मंडल पर जान लेवा हमला किया, जब सीमंतो थाना गए तो केस दर्ज नहीं किया गया। मामले की सूचना जब वरीय पदाधिकारी को दी गयी तब चौबीस घंटे बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी।

प्रचार करने से मना किया

उन्होंने बताया कि जेएमएम के कार्यकर्ताओं ने कहा की भाजपा का प्रचार प्रसार यहां नहीं करना है।

राजमहल के उधवा दियारा क्षेत्र में घुसपैठीए एवं स्थानीय प्रशासन मिलकर उधवा दियारा के सभी बूथों पर कब्जा करने के फिराक में हैं। सभी घुषपैठिए स्थानीय प्रशासन से मिलकर चुनाव के दिन किसी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हैं। ज्ञापन पर चुनाव आयोग ने तत्काल पुलिस मुख्यालय को जांच के आदेश दिये हंै। प्रतिनिधिमंडल में न्यायिक मामले के सह प्रमुख प्रकाश झा शामिल थे।