रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र के पेड़ायडीह निवासी भाजपा पंचायत प्रभारी काशीनाथ महतो की हत्या धारदार हथियार से मारकर कर दी गई। महतो की हत्या पर तमाड़ भाजपा के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। भाजपाइयों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में तमाड़ थाने में मृतक की पत्‍‌नी सुमित्रा देवी ने मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी के अनुसार काशीनाथ महतो रविवार को करीब 4 बजे ऐडेलडीह अपनी साली के घर गए हुए थे। देर शाम को उनके पुत्र ने जब जानकारी ली, तो उन्होंने कहा कि मैं घर के लिए निकल रहा हूं, पर रात तक घर नहीं पहुंचे। इस पर दोबारा पुत्र ने फोन किया, तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने भिनसाईडीह रोलाबेड़ा के सीमाने की झाड़ी एक शव होने की सूचना दी। जब परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तो शव की पहचान काशीनाथ महतो के रूप में की गई। तत्काल इसकी सूचना तमाड़ थाने को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। तमाड़ पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि कुमार महेंद्र नाथ शाहदेव ने कहा कि काशीनाथ महतो भाजपा के सच्चे सिपाही थे। काशीनाथ की पत्‍‌नी गांव के ही कुछ लोगों के साथ दुश्मनी की बात कहते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कराना चाह रही थी, पर थाने में मना कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इधर, आदिवासी जन परिषद के अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने भी काशीनाथ महतो की निर्मम हत्या का पुरजोर विरोध करते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।