- पूरे शहर में बंटने थे 14 हजार कंबल

- चुनाव आयोग ने सशर्त कंबल बांटने की दी है मंजूरी

- पार्षदों के पास नहीं पहुंचा कोई आदेश, रखे रह गए कंबल

- हर वार्ड पार्षद को 150 कंबल दिए गए

- रांची जिले में 90 हजार कंबल बांटने की है योजना

- ठंड से ठिठुर रहे हैं फु टपाथ पर सोने वाले गरीब

चुनाव के मद्देनजर राज्य भर में लागू मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के कारण इस बार कंबल बांटा ही नहीं जा सका है। एक तरफ बढ़ती ठंड में गरीब फुटपाथ पर ठिठुर रहे हैं, तो दूसरी ओर सरकार की ओर से मंगाए गए 14 हजार कंबल वार्ड कार्यालयों और निगम ऑफिस में रखे हुए हैं। रांची नगर निगम सफाई दे रहा है कि आचार संहिता के कारण कंबल नहीं बांटे गए, जबकि बीते 16 दिसंबर को ही चुनाव आयोग ने शर्तो के साथ कंबल बांटने की अनुमति दे दी थी। इसके बावजूद पिछले पांच दिनों से कंबल पड़े हैं, कोई इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।

53 वार्ड में 14 हजार कंबल

जिला प्रशासन द्वारा रांची जिले में बांटने के लिए 90 हजार कंबल खरीदे गए हैं। इसके अलावा शहरी क्षेत्र के सभी 53 वार्ड में 14 हजार कंबल बांटने की योजना है। जिला प्रशासन की ओर से सभी कंबल नगर निगम को पहुंचा दिया गया है। नगर निगम की ओर से सभी वार्ड पार्षद को कंबल बांटने के लिए दिया गया है। वार्ड पार्षद अपने कार्यालय में कंबल रखकर आचार संहिता खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। कई वार्ड पार्षदों ने बताया कि निगम से हम लोगों ने कंबल ले लिया है और उसे अपने कार्यालय में रखा है। निगम की ओर से कहा गया है कि जब तक पत्र जारी नहीं किया जाता है, कोई भी कंबल बांटा नहीं जाएगा। अधिकतर वार्ड पार्षद चुनाव आयोग के कंबल बांटने से जुड़ी दिशा-निर्देश से अनभिज्ञ हैं।

लोग पहुंच रहे हैं पार्षदों के पास

एक तरफ कंबल वार्ड पार्षदों के घर और दफ्तरों में पड़े हैं, तो दूसरी ओर गरीबों तथा जरूरतमंदों की भीड़ हर दिन पार्षदों के पास पहुंच रही है। वार्ड में रहने वाले लोगों को यह जानकारी मिल गई है कि वार्ड पार्षद के पास कंबल पहुंच गया है, लेकिन वार्ड पार्षद नहीं बांट रहे हैं। इस कारण कई पार्षदों के साथ आम लोगों की कहासुनी भी हो रही है।

हर वार्ड में 150 कंबल

नगर निगम द्वारा हर वार्ड पार्षद को पॉपुलेशन के अनुसार 150 से 200 कंबल दिए गए हैं। इस पर कई वार्ड पार्षदों ने विरोध जताया है। एक वार्ड पार्षद ने बताया कि हमारे वार्ड का पॅापुलेशन अधिक है और मुझे केवल 150 कंबल बांटने के लिए दिया गया है। इतना कम कंबल दिया गया है कि लोगों को बांटने में परेशानी होगी। शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब-जरूरतमंद वार्डो में रहते हैं जिनको ठंड में कंबल की जरूरत है।

रांची जिले में 90 हजार कंबल बांटे जाएंगे

इस साल की ठंड में रांची जिले में 90 हजार कंबल बांटे जाएंगे। रांची के शहरी इलाके में तो 14000 कंबल बांटा जाएगा, बाकी के ग्रामीण इलाके में 76000 कंबल बांटने की योजना है। इसके लिए 14 हजार कंबल नगर निगम को दे दिया गया है .बाकी 76 हजार कंबल रांची जिले के सभी अंचल कार्यालय में पहुंचा दिया गया है। हर अंचल कार्यालय में वहां के पॉपुलेशन के अनुसार सीओ को कंबल हैंड ओवर कर दिया गया है।