रांची(ब्यूरो)। अभी बूटी मोड़ से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक पहुंचने में लोगों को 1 घंटे तक का समय लगता है। लेकिन यह दूरी अब बहुत जल्द कम होने वाली है। राजधानी रांची में बूटी मोड़ से लेकर कांटा टोली तक एक नया फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंसी का चयन किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने कंसल्टेंसी कंपनी से डीपीआर तैयार करने के लिए आवेदन मांगा है। कंपनी को 90 दिनों में डीपीआर तैयार करके पथ निर्माण विभाग को देना है। इसके बाद इसका टेंडर किया जाएगा।

5 किमी लंबा फ्लाईओवर

बूटी मोड़ से लेकर कांटाटोली तक नया फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसकी दूरी करीब पांच किलोमीटर तक होगी। इसमें भू- अर्जन प्रस्ताव से लेकर सारी चीजें शामिल की जाएंगी। इस परियोजना पर क्या लागत आएगी, इसका आकलन करने के लिए विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है। वर्तमान में मेकॉन से सिरम टोली चौक तक और बहू बाजार से कांटा टोली चौक तक फ्लाईओवर बन रहा है।

इन्हें होगी सहूलियत

कांटा टोली से बूटी मोड़ तक कनेक्टिंग फ्लाईओवर बन जाने के बाद गाडिय़ां मेकॉन चौक से सीधे कांटा टोली चौक होते हुए बूटी मोड़ तक आ-जा सकेंगी। इससे लोगों का समय तो बचेगा ही जाम से भी मुक्ति मिलेगी। सबसे खास बात यह है कि जिन लोगों को रांची एयरपोर्ट से दूसरे शहरों के लिए जाना होता है उनमें से चतरा, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद जिले के लोग बूटी मोड़ के रास्ते से ही कांटा टोली होते हुए एयरपोर्ट पहुंचते हैं। अब इस इलाके के लोग एयरपोर्ट जाने के लिए बूटी मोड़ चौराहे से ही मेकॉन गेट तक सीधे पहुंच सकेंगे।

इस साल मिलेंगे 3 फ्लाईओवर

राजधानी में बन रहे सिरमटोली फ्लाईओवर, कांटाटोली फ्लाईओवर और रातू रोड एलिवेटेड कारिडोर का काम तेजी से हो रहा है। तीनों फ्लाईओवर में डेक स्लैब चढ़ाए जाने लगे हैं। वर्ष 2024 में तीनों फ्लाईओवर चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। तीनों फ्लाईओवर चालू होने से राजधानीवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

एक साथ चल रहा काम

राजधानी रांची में इन दिनों एक साथ तीन फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। फ्लाईओवर निर्माण से शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक मुक्ति मिल सकेगी। जिस तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है, उसे देखते हुए ये कहा जा सकता है कि निर्धारित समय सीमा के अंदर काम पूरा हो जाएगा। रांची में कांटाटोली फ्लाईओवर का काम कई साल पहले शुरू किया गया था, लेकिन बीच में काम बंद हो गया। लेकिन अब एक बार फिर तेजी से काम शुरू हुआ। कांटा फ्लाईओवर का करीब 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जबकि सिरमटोली चौक से डोरंडा राजेंद्र चौक तक फ्लाईओवर का काम तेजी से चल रहा है। वहीं, रातू रोड फ्लाईओवर का काम भी लगभग 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। फ्लाईओवर निर्माण में जुटे इंजीनियर्स का कहना है कि 2024 तक राजधानी को तीन फ्लाईओवर की सौगात मिल जाएगी।