रांची(ब्यूरो)। राजधानी में क्राइम कंट्रोल के लिए अब कंट्रोल कमांड एंड कम्यूनिकेशन सेंटर का भी इस्तेमाल किया जाएगा। रांची पुलिस ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। वहीं दूसरी ओर सी फोर सेंटर यानी की कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर में तैयारी पूरी कर ली गई है। टै्रफिक पर नजर रखने, इसे सुगम बनाने के साथ-साथ अब राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर यहां से कमांड किया जाएगा। रांची पुलिस इस सेंटर से अधिक से अधिक मदद लेने की तैयारी कर रही है। दरअसल, रांची का सर्विलांस सिस्टम पहले से ज्यादा हाईटेक हुआ है। शहर की पुलिस भी स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से ही ऑपरेट होगी। सी फोर में बने सीसीआर यानी की कंपोजिट कंट्रोल रूम के इंटीग्रेशन का काम पूरा हो चुका है। इसकी टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई है। स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन द्वारा अधिष्ठापित कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर अब राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था में और भी ज्यादा अहम भूमिका निभाएगा। पुलिस का कंपोजिट कंट्रोल रूम भी रांची स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल से चलेगा और यहां के आधुनिक कैमरों की मदद से पुलिस घटनाओं का खुलासा करेगी।

लेटेस्ट तकनीक से लैस

कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर में लगे उपकरण अत्याधुनिक हैं और इन उपकरणों पर आधारित पुलिस सर्विलांस या ऑटोमेटिक ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम आम लोगों के साथ पुलिस का भी काम आसान करेगा। इन तकनीक की मदद से क्राइम डिटेक्शन और ट्रैफिक स्मूद रखने में पुलिस को मदद मिलेगी। पुलिस के जितने भी सीसीटीवी कैमरे जो पहले से वर्किंग में हैं, उसे भी स्मार्ट सिटी के सी फोर से जोड़ दिया गया है। जिस कारण न सिर्फ पुलिस कंट्रोल रूम के कैमरे बल्कि स्मार्ट सिटी के हाईटेक कैमरे से भी निगरानी रखी जाएगी। कमांड कंट्रोल सेंटर के कर्मचारी बताते हैं कि कैमरे से शहर की मॉनिटरिंग तो होगी ही साथ ही इससे लोगों को कई सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मिली जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में इस सेंटर पर पुलिस कर्मी भी बैठना शुरू कर देंगे। वहीं जल्द ही ट्रैफिक चालान भी इसी सेंटर से कटना शुरू हो जाएगा। फिलहाल कचहरी स्थित कंट्रोल ऑफिस से यह पूरा सिस्टम ऑपरेट हो रहा है। जिसे जल्द ही स्मार्ट सिटी के सी फोर सेंटर में शिफ्ट कर दिया जाएगा। रांची पुलिस, स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन और कंट्रोल कमांड एंड कम्यूनिकेशन सेंटर अधिकारी पदाधिकारी इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।

हाईटेक कैमरे पुलिस की हेल्प में

राजधानी रांची में 51 करोड़ रुपए की लागत से सिटी सर्विलांस सिस्टम के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शहर के 246 लोकेशंस पर 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये चार तरह के कैमरे हैं। सर्विलांस कैमरे एवं ट्रैफिक रिलेटेड/एएनपीआर कैमरे लगे डिफरेंट्स स्थानों पर लगाए गए हैं। एक ही छत के नीचे शहरवासियों को अब हर इमरजेंसी सेवा जैसे, हेल्थ, फायर, क्राइम से जुड़ी समस्या होने पर मदद मिलेगी। वायरलेस से लेकर 100 डायल हो या फिर 112 सहित कई इमरजेंसी सेवा के लिए यहां संपर्क किया जा सकेगा। दरअसल, स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम में हाईटेक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो रहा था, मगर रांची पुलिस इसका उपयोग नहीं कर पा रही थी। इस वजह से रांची पुलिस के कंपोजिट कंट्रोल रूम को स्मार्ट सिटी से जोड़ा गया है। इससे रांची पुलिस ना सिर्फ टेक्नोलॉजी में बेहतर हो जाएगी बल्कि ट्रैफिक सहित इमरजेंसी सेवा का भी बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा। क्योंकि शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर कई हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं। ऐसे में एक छत से रांची पुलिस वायरलेस 100 डायल 112 और सीसीटीवी से शहर की मॉनिटरिंग एक साथ कर सकेगी।