रांची (ब्यूरो) । दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) की रांची मंडल शाखा द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। ज्ञातव्य है कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रांची रेल मंडल में पांच से 30 जून तक मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर इंवायरमेंट) अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विविध कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) रांची मंडल द्वारा सर्वो अध्यक्षा मोना बिन्द्रा की अध्यक्षता में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपशिष्ट प्रबंधन के विषय में चर्चा की गई।

अलग रखने की जरूरत

कार्यक्रम के दौरान सर्वो अध्यक्षा द्वारा घरेलू अपशिष्टों के प्रबंधन को विस्तार से बताया गया तथा गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जरूरत और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई ताकि रेलवे कॉलोनी हटिया में अपशिष्ट प्रबंधन की परियोजना का आरंभ किया जा सके। इस कार्यक्रम में सर्वो उपाध्यक्षा शोभा अग्रवाल, सर्वो सचिव रश्मि पिप्पल, उपसचिव लक्ष्मी, प्रीति साहू, ममता सिन्हा, अनु, मीनाक्षी, अनुभा, वंदना, स्वाति, सुकुमति, नीतू व अन्य सर्वो सदस्याएं भी शामिल थीं। साथ ही रेलवे कर्मचारियों के बच्चे महिलाएं वा परिवारजनों एवं स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।