ओरमांझी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बेतहासा वृद्धि

रांची: ओरमांझी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बेतहासा वृद्धि हुई है। क्षेत्र में बाइक व बंद पड़े घरों की चोरी लगातार हो रही है। शुक्रवार की रात भी चुटूपालू के एनएच-33 फोरलेन किनारे खड़ी व्यवसायी विजय अग्रवाल की टाटा सूमो न.जेएच01एजेड-1704 की चोरी हो गई। वाहन चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चार-पांच की संख्या में चोर एक सफेद रंग की बोलेरो से पहुंचे थे। रांची की ओर से पहुंची बोलेरो सड़क के दूसरी ओर ही खड़ी रही। वहां से एक चोर सड़क पार कर पहुंचा और आराम से वाहन का गेट खोला और सूमो को स्टार्ट कर तेजी से फरार हो गया। इस दौरान दो चोर बोलेरो से उतरे भी थे। उन दोनों ने जैसे देखा कि सूमो लेकर उनका साथी फरार हो रहा है, वे भी वहां से निकल लिए। दोनों वाहन टोल प्लाजा पार कर रामगढ़ की ओर भागे हैं। वाहन मालिक द्वारा ओरमांझी थाने में मामला दर्ज कराया गया है। ओरमांझी थाना पुलिस गाड़ी की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।

व्यवसायी को मिला मैसेज

चोरी जानकारी व्यवसायी को शनिवार की सुबह उस समय हुई, जब घर के आगे खड़ी सूमो को गायब पाया। हालांकि, जब टाटा सूमो ने हजारीबाग टोल प्लाजा को पार किया, तो वाहन मालिक विजय अग्रवाल के मोबाइल पर टोल शुल्क कटने का मैसेज भी आया। इसके बाद अरुण अग्रवाल अपने परिचितों के साथ हजारीबाग के चरही थाना पहुंचे। पर, कुछ पता नहीं चला।