रांची (ब्यूरो)। रांची की सड़कों पर आप यदि मॉर्निंग वाक के लिए निकल रही हैं और आप महिला हैं तो निकलने से पहले अपने सारे जेवर खोलकर घर में सुरक्षित रख दें। क्योंकि राजधानी में आप यदि सिर्फ पुलिस के भरोसे जेवर पहन कर मॉर्निंग वाक पर निकलती हैं तो आप अपना जेवर खो सकती हैं। जी हां यह बिल्कुल सच है, और भयावह भी। घर से बाहर निकलने वाली महिलाएं फिर एक बार झपट्टामार गैंग के निशाने पर हैं। खासकर मॉर्निंग वाक पर निकलने वाली महिलाएं और लड़कियां इन गिरोह का शिकार बन रही हैं।
सुबह सन्नाटे का फायदा
सड़क के अलग-अलग इलाकों में महिलाएं सुबह-सुबह मॉर्निंग वाक पर निकलती हैं। सुबह में ज्यादा लोगों की भीड़ नहीं होती है जिसका फायदा झपट्टामार गिरोह उठाते हैं। गले से चेन खींचकर सुनसान राहों से रफूचक्कर हो जाते हैं। पीडि़त महिला चीखती-चिल्लाती रह जाती है। कई बार वारदात के दौरान महिलाएं गंभीर रूप से चोटिल भी हो रही हैं।
सिर्फ मोरहाबादी में पुलिस
राजधानी रांची की करीब-करीब सभी सड़कों पर बड़ी संख्या में महिलाएं सुबह-सुबह टहलने निकलती हैं। लेकिन पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ मोरहाबादी तक ही सीमित है। मोरहाबादी मैदान के चारों ओर से वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाती है, जिससे बाइक सवार भी टहलने वाले स्थान तक पहुंच ही नहीं पाते हैं। लेकिन मोरहाबादी के बाहर किसी इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। भगवान भरोसे लोग मॉर्निंग वाक पर निकलते हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं रही है।
आउटर साइड भी खतरा
राजधानी रांची के आउटर सिटी में भी इस तरह की वारदात होने लगी है। अपनी सेहत के प्रति अलर्ट रहने वाली महिलाएं एवं पुरुष भी सुबह-सुबह मॉर्निंग के लिए निकलते हैं। दिनोंदिन यह संख्या बढ़ती जा रही है। सिर्फ सिटी ही नहीं, बल्कि गांव की सड़कों पर भी महिला और पुरुष टहलते दिख जाएंगे। एक दिन पहले ही बेड़ो में मॉर्निंग वाक कर रही मालती देवी के गले से सोने की चेन छीन कर अपराधी फरार हो गए। मालती देवी ने बताया कि चेन की कीमत एक लाख रुपए थी। वहीं सिटी के गली-गली में लोग सुबह-सुबह घूमने निकल रहे हैं। मॉर्निंग वाक करने वाली महिलाओं पर बाइकर्स गैंग नजर रहती है, जो महिला ज्वेलरी पहनी दिख जाती है उनका पीछा करते हैं और मौका मिलते ही गले से चेन खींचकर फरार हो जाते हैं।
एफआईआर दर्ज कर इतिश्री
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस इस पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है। वारदात होने के बाद सिर्फ एफआईआर दर्ज करने का कोरम पूरा कर लिया जाता है। अपराधी आजाद घूमते रहते हैं। एक घटना को अंजाम देने के बाद ये लोग दूसरी वारदात में लग जाते हैं। पुलिस से बिल्कुल बेखौफ ये लोग नियमित रूप से अपना काम कर रहे हैं। कई बार वीआईपी इलाकों से भी से चेन छिनतई की खबरे सामने आई हैं। अशोक नगर, बरियातू, कडरू, हरमू रोड समेत दूसरे इलाकों में छिनतई की घटनाएं हुई हैं। इन इलाकों में सुबह-सुबह पुलिस पट्रोलिंग करने के बजाय किसी साइड एरिया में जाकर आराम फरमाती है।
महीने भर में 11 छिनतई
इस महीने अब तक करीब एक दर्जन महिलाओं के साथ छिनतई हो चुकी है। सिर्फ बरियातू थाना क्षेत्र से छह मामले सामने आए हैं। बीते सप्ताह शुक्रवार को बरियातू थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित दिव्यायन चौक के समीप सुबह छह बजे बाइक सवार अपराधी वरिष्ठ महिला साहित्यकार ऋता शुक्ला के गले से चेन छीनकर फरार हो गए। एफआईआर दर्ज की गई है। लेकिन अपराधी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
इस महीने छिनतई
27 जून : बेड़ो थाना क्षेत्र स्थित लोहरदगा रोड में मालती देवी के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए अपराधी। मामला थाना दर्ज।

24 जून : बरियातू थाना क्षेत्र स्थित दिव्यायन चौक के समीप मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला साहित्यकार ऋता शुक्ला से बाइक सवार अपराधियों ने चेन छीनी।

23 जून : कांके थाना क्षेत्र स्थित अरसंडे-बोड़ेया रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने बुजुर्ग रीता देवी से चेन छीन ली।

13 जून : बरियातू थाना क्षेत्र स्थित प्रेमसंस मोटर शो-रूम के समीप दूध लेकर घर लौट रही शोभा सिन्हा को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया। चेन छीनकर फरार हुए।

10 जून : बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मोरहाबादी में सुबह छह बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला आशा देवी के गले से बाइक सवार चेन झपटकर फरार हो गए।

4 जून : बरियातू थाना क्षेत्र स्थित चिरौंदी साइंस सिटी के समीप धनबाद की कतरास निवासी लक्ष्मी शर्मा का पर्स छीनकर अपराधी भाग गए।

1 जून : बरियातू थाना क्षेत्र स्थित टैगोर हिल रोड में मॉर्निंग वॉक पर निकली गीता वर्मा के गले से बाइक सवार अपराधियों ने चेन छीन ली। पुलिस गिरफ्त से दूर।

पुलिस ऐसे इलाकों में गश्ती बढ़ा रही है। सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से निगरानी करने का आदेश दिया गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
-अंशुमान कुमार, सिटी एसपी, रांची