रांची(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की भौगोलिक संरचना थोड़ी जटिल है। सुदूर और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को सरकारी कार्य या योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय आना पड़ता है। यहां आने के बाद भी अगर उनका कार्य नहीं हो पाता है तो उन्हें काफी मानसिक पीड़ा होती है। वे योजनाओं का लाभ लेने के बाबत सोचना भी छोड़ देते हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर सरकार आपके द्वार पर आकर कल्याणकारी योजनाओं से आपको जोड़ रही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बुधवार को दुमका में आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमंडल स्तरीय मेगा परिसंपत्ति वितरण कैंप को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से कहा कि वे इस कार्यक्रम का जरूर हिस्सा बनें, क्योंकि जब आपके चेहरे पर मुस्कान होगी। आपको मान सम्मान मिलेगा, तभी सरकार की योजनाएं सफल होंगी। शिविर में 1423 नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। मौके पर मुख्यमंत्री व अन्य अतिथिगणों द्वारा होड़ सोम्बाद संथाली पत्रिका का विमोचन किया गया।

अग्रणी राज्यों में होगा झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार कृत संकल्प है। आप सभी के सहयोग से राज्य के विकास को गति दी जा रही है। हम एक ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं, जहां किसी के सामने रोजी-रोटी का संकट नहीं होगा।

लोगों को पैरों पर खड़ा करने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के नौजवानों को रोजगार देने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। पहली बार विभिन्न विभागों की नियुक्ति नियमावली बनाई गई। इसमें आदिवासियों -मूल वासियों को सरकारी नौकरियों में तरजीह देने की व्यवस्था है। वहीं, राज्य में अवस्थित निजी कंपनियों में भी संचालकों को 75 प्रतिशत नौकरी स्थानीय लोगों को देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस नियुक्ति नियमावली में बदलाव किया गया है। अब पहले शारीरिक परीक्षा होगी फिर लिखित। उन्होंने कहा कि आने वाले 6 महीनों के अंदर 30 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत स्वरोजगार के लिए सब्सिडी पर 25 लाख रुपए तक का लोन सरकार दे रही है। मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, कृषि मंत्री बादल , श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक प्रो। स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, प्रदीप यादव, बसंत सोरेन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव मनीष रंजन, सचिव राजेश शर्मा, प्रमंडलीय आयुक्त, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, देवघर व जामताड़ा जिलों के डीसी, एसपी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण

जिला लाभुक राशि

दुमका 3, 24, 998 3, 01, 86, 49,071

पाकुड़ 2, 83,178 1, 77, 50, 36,900

गोड्डा 9,54,242 1, 82, 94, 27,819

साहिबगंज 3,37,039 1, 71, 28, 82, 426

देवघर 9,22,650 1, 68, 87, 97,300

जामताड़ा 23,652 1,25,04,98,368

कुल 28,45,759 11,27,52,91,884