RANCHI: बच्चों के साथ सेक्सुअल अब्यूज शोषण के लिए जरूरी नहीं होता कि उन्हें टच किया जाए या उनके साथ जबरदस्ती की जाए। बच्चों को पोर्न दिखाना, अश्लील बातें करना जैसे मामले भी यौन शोषण के दायरे में आते हैं। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के सर्वे में करीब 86 परसेंट लोगों ने जागरुकता दिखाते हुए सही जवाब दिया। लोगों ने खुलकर कहा कि शोषण के लिए बच्चे को छूना कोई जरूरी नहीं है। राजधानी में आए दिन पॉक्सो से जुड़े मामले तेजी पकड़ते जा रहे हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि लोग अवेयर रहें।

महिला पुरुष दोनों ही अलर्ट

बच्चों के साथ यौन शोषण के मामलों को लेकर महिला व पुरुष दोनों ही तबके के लोग अलर्ट रहते हैं। सर्वे के दौरान जहां 86 परसेंट महिलाओं ने कहा कि टच जरूरी नहीं, बिना टच के भी बच्चों का शोषण किया जा सकता है। वहीं 87 परसेंट पुरुषों ने भी साफ किया कि बच्चों के शोषण के ज्यादा मामले बिना टच किए ही अंजाम दिए जाते हैं।

बरियातू पहाड़ पर सेना अधिकारी की नाबालिग बेटी से गैंगरेप

बरियातू फायरिंग रेंज के पास पहाड़ पर 2 सितम्बर को दोस्त के साथ घूमने गई सेना के अफसर की 16 साल की बेटी से दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों आरोपियों ने उसके 17 वर्षीय दोस्त को मारपीट कर भगा दिया। लड़की ने घर आकर बात को दबाने के बजाय हिम्मत करते हुए अपने परिजनों को बतायी। रात 10 बजे पीडि़त परिवार थाना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। लड़की द्वारा बताए बाइक नंबर (जेएच 01 सीवाई 4935) के आधार पर दोनों आरोपियों बड़गाई के कसाब मोहल्ला निवासी खुर्शीद अंसारी उर्फ राजा (24) और सरफराज अंसारी (24) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज सहित कई ऐसे साक्ष्य थे, जिससे आरोपियों को सजा दिलाई जा सके। स्पीडी ट्रायल से आरोपियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। बरियातू पहाड़ पर पहले भी दुष्कर्म की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ माह पहले अपने रिश्तेदार के घर आई नाबालिग लड़की को एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर पहाड़ पर ले गया और दुष्कर्म किया।