--सिटी के चर्चो में आधी रात हुई विशेष प्रार्थना, आज धूमधाम से मनेगा क्रिसमस

रांची : जिंगल बेल जिंगल बेल जिंगल ऑल द वे के साथ मंगलवार की आधी रात सिटी के चर्चो में मसीही विश्वासियों ने क्रिसमस मनाया। मंगलवार की आधी रात घड़ी की सुई जैसे ही 12 पर पहुंची गिरजाघरों के घंटे बज उठे। धर्मगुरुओं ने विश्वासियों को बालक यीशु के जन्म का सुसमाचार सुनाया। खुशखबरी सुन विश्वासी बोल उठे गरीबों के मसीहा आ गए। ख्रीस्त राजा आ गया इसके साथ ही हर ओर खुशियां और उल्लास का नवसंचार प्रवाहित हो गया। सर्द रात की ठिठुरन दूर होकर उमंग में तब्दील हो गई। प्रभु की आराधना के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर प्रभु के आगमन की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व संत मारिया गिरजाघर, संत पॉल्स गिरजाघर, जीईएल गिरजाघर, डोरंडा गिरजाघर सहित तमाम गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना-मिस्सा का आयोजन किया गया।

प्रेम से ही शांति-भाईचारगी के साम्राज्य की होगी स्थापना : आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो

आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो ने क्रिसमस का संदेश सुनाया। कहा क्रिसमस मानवजाति के प्रति ईश्वर के प्रेम का महापर्व है। समस्त मानव जाति के कल्याण के लिए ईश्वर के लिए ने अपने इकलौते पुत्र को हम सबके बीच निवास करने भेजा। क्रिसमस पर्व इसी विश्वास का स्मरणदिवस है। ईश्वर पुत्र होकर भी प्रभु यीशु मसीह ने मानव अवस्था की अत्यंत कठिन परिस्थितियों को स्वीकार कर लिया। इस तथ्य के संस्मरण के बिना क्रिसमस का त्योहार मनाना सार्थक नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि यीशु की शिष्यता का प्रमाण आपसी प्रेम से है। आपसी प्रेम का मतलब जाति, धर्म, और देश काल से परे सभी मानवजाति से प्रेम करना, सबके कल्याण के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि बेथहेलम की चरनी से लेकर क्रूस पर चढ़ते समय तक प्रभु ने विनम्रता और करूणा का संदेश दिया। आए दिन दुनिया में बढ़ते हुए द्वेष, घमंडपूर्ण प्रतियोगिता और लड़ाई-झगड़ा होता है। यह मानवजाति के लिए खतरे की घंटी है। नि:स्वार्थ प्रेम से ही शांति, भाईचारा और आपसी क्षमादान का वातावरण स्थापित हो सकता है। प्रभु यीशु की यही शिक्षा है। ईश्वरीय शांति समझौतों पर नहीं बल्कि प्रेम, करूणा, त्याग और उदारता पर टिका है। ईश्वर का प्यार एकतरफा है। इसका कभी अंत नहीं हो सकता है। शांति के राजकुमार प्रभु यीशु के जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं।

--

संत पॉल चर्च में विशेष सजावट

बहू बाजार स्थित संत पॉल चर्च को लाल, हरी और नीली एलईडी लाइट सीरीज बल्ब से सजाया गया है। यहां चर्च के अंदर ब्लू और गुलाबी रंग की रौलेक्स लगाई गई है। इसके साथ ही इसमें बीच-बीच में सफेद फूल के गुच्छे लगाए गए हैं। यहां मंगलवार की शाम पांच बजे कैरोल सर्विस का आयोजन किया गया है। इस सर्विस का संचालन मा। पु। जेएम तोपनो ने किया। इसमें विशेष प्रार्थना के बाद बाइबल विभिन्न चैप्टर का पाठ किया गया। इसके बाद रात्रि में यीशु के जन्म की विशेष पूजा कराते हुए बिशप बीबी बास्के ने कहा कि बाइबल के अनुसार स्वर्गदूत ने गड़ेरियों को प्रभु के जन्म पर जो संदेश दिया था वो पूरे मानव जाति के लिए था। उन्होंने कहा था कि उद्धारकर्ता जिसका नाम प्रभु यीशु रखा गया है वो सभी के पापों को दूर करेगा।