--राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया अमृत महोत्सव का उद्घाटन

--आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेल निदेशालय झारखंड सरकार द्वारा देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी का अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में शुक्रवार को शामिल हुए। सीएम ने इस मौके पर आयोजित साइकिल रैली का उद्घाटन स्वयं साइकिल चलाकर किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमसभी को गर्व है कि देश की आजादी के लिए अनेक वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। भारत का लोकतंत्र इन वीर सपूतों की कुर्बानी की ही देन है।

वीर सपूतों को नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लोकतंत्र को स्थापित करने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, लाल बहादुर शास्त्री, सरदार वल्लभभाई पटेल, संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, वीर बुधु भगत सहित कई वीर सपूतों ने अहम भूमिका निभायी। आज के दिन मैं इन सभी वीर सपूतों को नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा और उत्साह का प्रतीक है। आप सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

साइकिल रैली का आयोजन

खेल निदेशालय ने देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह साइकिल रैली मुख्यमंत्री आवास कांके रोड से शुरू होकर प्रेमसंस मोटर्स चौक कांके रोड, रांची कॉलेज, मान्या पैलेस, टीआरआई, करम टोली चौक, पुलिस अधीक्षक आवास एवं गवर्नर हाऊस चौक होते हुए ऑड्रे हाउस तक पहुंची। इस साइकिल रैली का समापन ऑड्रे हाउस में किया गया। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, खेल सचिव पूजा सिंघल, खेल निदेशक जीशान कमर सहित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सहित अन्य संस्थान के युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

------