- शुक्रवार को 1372 नए संक्रमितों की पहचान

- 16 संक्रमितों की मौत, 617 हुए रिकवर

- रांची जिले में अब 9414 एक्टिव केसेज

कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। रांची में हर हफ्ते दोगुने रफ्तार से इन्फेक्शन बढ़ रहा है। आलम यह है कि हर दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या एक नई ऊंचाई छू रही है। शुक्रवार को 1372 संक्रमितों की पहचान हुई, जिसके बाद रांची में एक्टिव केसेज की संख्या 9414 पहुंच गई है। वहीं इन्फेक्टेड लोगों की मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। गुरुवार को जहां रांची में 5 लोगों की मौत हुई थी, वहीं शुक्रवार को विभिन्न अस्पतालों में 16 लोगों ने दम तोड़ दिया।

ऐसे बढ़ रहा आंकड़ा

रांची में कोरोना वायरस के संक्रमण का आंकड़ा काफी डराने वाला है। मार्च के अंत और अप्रैल के शुरुआती सात दिनों में जहां कुल 2066 मरीज मिले थे, वहीं दूसरे सप्ताह में यह आंकड़ा 4632 पर पहुंच गया। यानी पहले हफ्ते में वायरस की चपेट में आने वालों की प्रतिदिन औसत संख्या 295 थी। दूसरे हफ्ते में यह औसत 662 हो गया। वहीं तीसरे सप्ताह में स्थिति और भयावह हो गई है। 11 से 16 अप्रैल तक करीब 7000 संक्रमितों की पहचान हुई। इन छह दिनों का औसत संक्रमण आंकड़ा 1158 हो चुका है। यानी हर रोज एक हजार से ज्यादा मरीजों की पहचान हो रही है।

128 जवान-पदाधिकारी कोरोना संक्रमित

कोरोना वायरस के खिलाफ फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में काम कर रही झारखंड पुलिस के कर्मी और पदाधिकारी लगातार इसकी चपेट में आ रहे हैं। कोडरमा के एसपी मोहम्मद एहतेशाम सहित राज्य पुलिस के 128 जवान व पदाधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जिनका विभिन्न जगहों पर इलाज चल रहा है। संक्रमितों में सबसे अधिक 41 विशेष शाखा के हैं, जिनमें 26 दारोगा शामिल हैं। संक्रमितों में दूसरे स्थान पर झारखंड जगुआर है, जहां के 11 पदाधिकारी-जवान इस वायरस की चपेट में हैं। संक्रमितों में दो एसपी, तीन डीएसपी, 11 इंस्पेक्टर, 31 दारोगा, 12 एएसआइ, नौ हवलदार, 53 सिपाही, दो चालक व पांच चतुर्थवर्गीय कर्मचारी शामिल हैं।