रांची: रांची में हर रोज कोरोना संक्रमण के हालात बदतर होते जा रहे हैं। मंगलवार को स्थिति और खराब हो गई। इस साल अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों की संख्या सबसे ज्यादा रही। राज्य भर से कुल 2844 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई, जिसमें अकेले रांची के ही 1049 संक्रमित शामिल हैं। इसके साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ा है। मंगलवार को राज्य में 29 लोगों की मौत हुई, जबकि रांची में 6 लोगों ने दम तोड़ा।

रांची में 7587 एक्टिव केस

रांची में तेजी से संक्रमण के आंकड़े बढ़ रहे हैं। मंगलवार को एक हजार से ज्यादा लोगों में संक्रमण पाए जाने के बाद अब रांची जिले में 7587 एक्टिव केसेज बचे हैं। दूसरी ओर रांची में कोरोना से मौत का आंकड़ा 323 पर पहुंच गया है। इधर, जमशेदपुर में भी मंगलवार को 434 नए संक्रमितों की पहचान हुई। इस जिले में भी 6 लोगों की मौत हुई। जमशेदपुर में संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या 158 रही।

राज्य भर में 17155 मरीज

सभी जिलों में कोरोना के मरीजों के मिलने से अब राज्य भर में एक्टिव केसेज की संख्या 17155 हो गई है। मंगलवार को राज्य के 11 जिलों में 29 लोगों की मौत हुई। इसमें बोकारो के 2, जमशेदपुर के 6, हजारीबाग के 4, जामताड़ा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद और गोड्डा के 1-1, रामगढ़ और सिमडेगा के 3-3, रांची के 6 मरीज शामिल हैं।

78,592 लोगों का हुआ टीकाकरण

राज्य में मंगलवार को 78,592 लोगों का टीकाकरण हुआ। इनमें 71,916 लोगों को पहली डोज एवं 6,636 को दूसरी डोज का टीका लगाया गया। वहीं, 136 हेल्थकेयर वर्कर्स को पहली डोज तथा 551 को दूसरी डोज का टीकाकरण हुआ। इसी तरह, फ्रंटलाइन वर्कर्स में 1,110 को पहली तथा 1,641 को दूसरी डोज का टीका लगाया गया। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों में 70,670 लोगों को पहली तथा 4,444 को दूसरी डोज का टीका दिया गया। राज्य में अबतक 22,05,532 लोगों को पहली तथा 3,12,400 लोगों का दूसरी डोज का टीकाकरण हो चुका है। इधर, मंगलवार के टीकाकरण के बाद राज्य में कोविशील्ड की कुल 7,54,095 तथा कोवैक्सीन की कुल 2,07,285 डोज बची है।