- रांची में फिर मिले सौ से ज्यादा संक्रमित

- 17 जिलों से 371 नए मरीजों की पहचान

- रांची समेत 9 जिलों के 169 हुए स्वस्थ

एक्टिव केस - 7759

कोरोना के कुल मामले - 12559

स्वस्थ हुए - 4682

मौत - 118

रांची: कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। रविवार को भी राज्य भर के 17 जिलों से 371 नए मरीजों की पहचान हुई। अकेले रांची में 123 नए संक्रमित पाए गए। इस बीच कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बाल-बाल बचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार पर एक बार फिर कोरोना का संक्रमण का खतरा नजर आ रहा है। पिछले दिनों उनकी पत्नी कल्पना सोरेन के चालक के संक्रमित पाए जाने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री आवास तथा सीएमओ में तैनात झारखंड सशस्त्र पुलिस के 12 सुरक्षाकíमयों सहित 17 स्टाफ की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो दिनों पूर्व सीएमओ तथा सीएम आवास के कई स्टाफ की कोरोना जांच कराई गई थी। रविवार को उन सभी की जांच रिपोर्ट आ गई।

सीएम हाउस सेनिटाइज

शाम को आनन-फानन में सीएमओ तथा सीएम आवास को पूरी तरह सेनिटाइज किया गया। बता दें कि पिछले माह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर तथा विधायक मथुरा महतो के संक्रमित पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री पर संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। हालांकि उस समय उनकी तथा उनकी पत्नी की जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

यहां से मिले नए मरीज

रविवार को मिले नए मरीजों में बोकारो से 9, धनबाद से 7, पूर्वी सिंहभूम से 48, गढ़वा से 2, गिरिडीह से 20, हजारीबाग से 11, कोडरमा से 56, लातेहार से 16, लोहरदगा से 2, पाकुड़ से 4, पलामू से 3, रामगढ़ से 8, रांची से 123, साहेबगंज से 6, सरायकेला से 19, सिमडेगा से 31, पश्चिमी सिंहभूम से 6 लोग शामिल हैं। इसके साथ ही झारखंड में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 12559 पहुंच गया है। इसमें 7759 एक्टिव केस हैं। 4682 लोगों ने कोरोना को मात दी है।

तीन की मौत, 169 स्वस्थ

राज्य भर में रविवार को तीन लोगों की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई है। इनमें 2 जमशेदपुर के, तो एक धनबाद के मरीज थे। इधर, कोरोना को मात देने वालों की संख्या भी रविवार को अच्छी खासी रही। कुल 169 लोग स्वस्थ होकर हॉस्पिटल से अपने घर को लौटे। स्वस्थ होने वालों में रांची के 41 लोग भी शामिल हैं। रविवार को कुल 8885 सैंपल टेस्ट किए गए। इसमें 8514 निगेटिव पाए गए। गौरतलब है कि अब तक कोरोना से राज्य भर में 118 लोगों की मौत हो चुकी है।

बाक्स - (ट्वीट का फोटो लगा दें)

गोमिया विधायक लंबोदर महतो भी पॉजिटिव

गोमिया से आजसू विधायक लंबोदर महतो भी कोरोना के शिकार हो गये। उन्होंने कोरोना की जांच कराई थी। रविवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आये लोगों पर भी कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। उन्हें इलाज के लिए रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कराया जाएगा।