रांची: पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने अपना टेस्ट कराया, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मरांडी गुरुवार शाम दिल्ली से वापस लौटे थे। नई दिल्ली में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर और महामंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की थी। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी थे। बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया था। उन्होंने दुमका की वर्चुअल रैली को भी संबोधित किया था। कुछ असहज महसूस होने पर उन्होंने अपने आवास में कोविड-19 का टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बाबूलाल मरांडी के साथ उनके सहयोगी राजेंद्र तिवारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी भी साझा की है।

सबसे ज्यादा रांची के मरीज

शुक्रवार को रांची में 410 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है। राज्य भर में सबसे ज्यादा नए संक्रमित रांची में ही मिले हैं। दूसरी ओर केवल जमशेदपुर में एक सौ से ज्यादा नए मरीजों की पहचान हुई है। रांची में शुक्रवार को 184 मरीज स्वस्थ भी हुए। राज्य भर से 1270 मरीजों के स्वस्थ होने की पुष्टि हुई है। वहीं चार जिलों से छह लोगों की मौत की भी खबर है। जमशेदपुर और पश्चिमी सिंहभूम में दो-दो तथा धनबाद व गोड्डा में एक-एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई।

यहां से मिले इतने मरीज

झारखंड में शुक्रवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 1261 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 410, बोकारो से 44, चतरा से 3, देवघर से 75, धनबाद से 88, दुमका से 15, पूर्वी सिंहभूम से 144, गढ़वा से 37, गिरिडीह से 47, गोड्डा से 14, गुमला से 7, हजारीबाग से 58, जामताड़ा से 10, खूंटी से 63, कोडरमा से 18, लातेहार से 11, लोहरदगा से 41, पाकुड़ से 7, पलामू से 28, रामगढ़ से 22, साहेबगंज से 6, सरायकेला से 40, सिमडेगा से 14, पश्चिमी सिंहभूम से 59 मरीज मिले।

सौ में से 83 स्वस्थ

राज्य में रिकवरी रेट तेजी से बढ़ रहा है। अब 83.02 परसेंट लोग रिकवर हो चुके हैं। यह राष्ट्रीय औसत 81.70 से ज्यादा है। राज्य में अब तक 19 लाख 90 हजार 78 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। इसमें 19 लाख 12 हजार 269 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक 77 हजार 709 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं 64 हजार 515 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। इसके अलावा 661 लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह अब 12 हजार 533 एक्टिव केस बचे हैं।