रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची की सड़कें, मॉल, मार्केट कुछ भी सुरक्षित नहीं है। न जाने कब किधर से गोली चल जाए? सिटी में आए दिन गोली चलने की वारदात हो रही है। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि हाल के दिनों में जितनी भी गोलीबारी हुई है, सभी भीड़भाड़ वाले स्थान पर ही हुई है। भले शूटर के निशाने पर कोई एक व्यक्ति होता है, लेकिन भीड़भाड़ वाले स्थान में फायरिंग से शहर के लोग भी दहशत में आ गए हैं। इसी साल जनवरी में मोरहाबादी मैदान के समीप दिन दहाड़े फायरिंग हुई थी। इसका खामियाजा आज भी यहां के दुकानदार भुगत रहे हैं। एक बार फिर बीते कुछ दिनों से लगातार गोलीबारी हो रही है। पहले तुपुदाना फिर हिंदपीढी, न्यूक्लियस मॉल और पिस्का मोड़ जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान में गोली चली। बीते पांच दिनों मेें चार जगह गोली चली है। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि तीन अब भी हॉस्पिटल में इलाज करा रहे हैं।

ज्यादातर घटना शाम में ही घटी

शाम में अधिकतर लोग घूमने या शॉपिंग करने निकलते हैं। पिस्तौल से निकली एक गोली गुलजार शाम को मातम में बदल देती है। मंगलवार शाम पिस्का मोड़ के समीप हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैला गई। कुछ ही पल में लोगों से भरा यह इलाका वीरान हो गया। पुलिस की तैनाती और लोगों से पूछताछ शुरु हो गई। शॉपिंग के लिए निकलने वाले लोग भी एक के बाद एक घट रही घटना से सहमे हुए हैं। पिस्का मोड़ में अंडे की दुकान लगाने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी दुकान के ठीक सामने फायरिंग हुई। काफी लोग खरीदारी कर रहे थे। अचानक 'ठांयÓ की आवाज आयी और फिर सब शांत हो गया। एकाएक लोग इधर-उधर भागने लगे। वहीं इसी स्थान पर बुधवार को खरीदारी करने आए लोगों ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खडे किए। लोगों ने बताया कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। जरा-जरा सी बात पर गोली चल रही है। पुलिस के व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हंै। सब्जी लेने आए मोहन शर्मा ने बताया कि बाजारों में गोलीबारी होगी तो लोग खरीदारी कहां करेंगे। बाजारों के पास पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।

मॉल के बाहर भी हुई गोलीबारी

न्यूक्लियस मॉल के पास का इलाका हर शाम लोगों से गुलजार रहता है। बड़ी संख्या में यूथ यहां इकट्ठा होते हंै। फैमिली के साथ भी लोग यहां टाइम स्पेंड करने आते हैं। इस जगह भी तीन दिन पहले ही फायरिंग हुई। हालांकि, फायरिंग में गोली व्यक्ति के सर के बगल से निकल गयी। वहीं पुलिस की मुस्तैदी से अपराधी भी पकड़ा गया। इसके अलावा हिंदपीढ़ी जैसे भीड़-भाड़ वाले स्थान पर भी गोली चली थी। तुपुदाना में एक युवती को गोली मार दी गयी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रांची पुलिस ने हिंदपीढ़ी, तुपुदाना और पिस्का मोड़ में हुई गोलीबारी का खुलासा कर दिया है। अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। बीती रात पिस्का मोड़ के समीप हुई गोलीबारी में रोहित नामक युवक के सिर पर गोली लगी है। इस मामले में पुलिस ने सौरव और गौरव दो युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आपसी विवाद और रुपए के लेनदेन की वजह से फायरिंग हुई है। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ हो रही है।

कई और भी हिरासत में

इधर, अशोक नगर रोड नंबर 4 में एक बुजुर्ग महिला की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों, पंडरा ओपी में युवती की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या में आरोपित प्रशांत तिर्की एवं तुपुदाना ओपी क्षेत्र में युवती की गोली मारकर हत्या मामले में भी पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ हो रही है। जल्द ही पुलिस सभी मामलों का खुलासा करेगी।