RANCHI:झारखंड के साइबर अपराधी रोज ठगी की नई कहानी लिख रहे हैं। हाई प्रोफाइल लोगों को फोन पर झांसा देकर ठगने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसी कड़ी में एनआईए की एसपी जया राय के पिता डॉ एनआर राय को भी साइबर क्रिमिनल्स ने निशाना बनाया है। उनके खाते से कुल 5.90 लाख रुपए उड़ा लिए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने अफआईआर दर्ज कर अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

फोन बंद करने की दी थी चेतावनी

जया राय वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनआईए में एसपी के रूप में सेवा दे रही हैं। वह झारखंड के अलग-अलग जिलों में एसपी रह चुकी हैं। डाक्टर एनआर राय ने झारखंड के साहिबगंज नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस घटना में शामिल साइबर अपराधियों की तलाश में जुट गयी है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है। डॉ राय का अकाउंट एसबीआई की मुख्य शाखा में है। उनके फोन पर मैसेज आया कि उनका मोबाइल नंबर बंद होनेवाला है। मोबाइल को चालू रखना है तो दिशा-निर्देश के मुताबिक काम करें। वे समझ नहीं पाये कि उनके साथ साइबर ठगी हो रही है। अपराधियों ने उनसे ओटीपी लिया और उनके बैंक खाते से रुपये निकाल लिये। कुछ देर बाद एनआर राय को मैसेज आया कि उनके बैंक खाते से रुपये की निकासी हुई है।

एमपी फंड के खाते से 89 लाख उड़ानेवाला धराया

बिहार के महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की सांसद निधि से 89 लाख रुपए की फर्जी तरीके से निकासी करने के मामले में तलबन्ना निवासी अतुल शक्ति को साहिबगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह बुधवार की सुबह कोलकाता से ट्रेन से लौट रहा था, तो पुलिस ने उसे साहिबगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। उसके पास सात सिम कार्ड और कई खाली बैंक चेक की तस्वीर मिली है। मोबाइल में उन लोगों की भी तस्वीर मिली है, जो फर्जीवाड़ा करनेवाले गिरोह में शामिल हैं। उसने पुलिस को बताया कि बैंक चेक की क्लोनिंग कर वह राशि निकाल लेता था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। फिर बिहार पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले गई। राशि की निकासी नवंबर 2020 में हुई थी। छपरा में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

इस तरह की गई ठगी

छपरा के बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में सांसद क्षेत्रीय विकास कोष का बैंक खाता है। बैंक खाता का संचालन जिला योजना पदाधिकारी करते रहे हैं। जिस चेक से निकासी हुई, वह जिला योजना पदाधिकारी के पास है। इस बैंक खाते से चार नवंबर 2020 को 42 लाख तथा पांच नवंबर 2020 को 47 लाख रुपये की निकासी की गई। इस बैंक खाते के चेक की क्लो¨नग कर महाराष्ट्र में बैंक आफ बड़ौदा की अहमदनगर शाखा से राशि निकासी की गई। संदीप मांगीलाल कोठारी के खाते में यह राशि हस्तांतरित की गई। सूचना मिली तो जिला योजना पदाधिकारी ने बैंक खाते से रकम की निकासी पर रोक लगा दी। इस बीच तीन फरवरी 2021 को सांसद को राशि निकासी की जानकारी मिली। इसके बाद सांसद ने गृह मंत्री, वित्त मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएमडी से शिकायत की। इसके बाद इस मामले की जांच में तेजी आई। महाराष्ट्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अतुल शक्ति को भी गिरफ्तार किया। इस मामले की जांच बिहार का आर्थिक अपराध अनुसंधान विभाग कर रहा है।