रांची(ब्यूरो)। सिटी के मोरहाबादी मैदान में हजारों की संख्या में लोग सुबह-शाम टहलने के लिए और एक्सरसाइज करने के लिए पहुंचते हैं। अब शहर के लोगों की सेहत सुधारने के लिए रांची नगर निगम द्वारा मोरहाबादी मैदान के चारों तरफ साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। यहां पहुंचने वाले लोग साइक्लिंग करके भी अपनी सेहत का सुधार कर सके। इस साइकिल ट्रैक को तैयार करने में रांची नगर निगम एक करोड़ 65 लाख रुपया खर्च करेगा। यह साइकिल ट्रैक तीन महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद शहर के लोग यहां साइकिल चलाने के लिए आ सकते हैं।

निकला गया है टेंडर

नगर निगम मोराहाबादी मैदान के चारों ओर पेवर्स ब्लॉक लगाने जा रहा है। साथ ही इस इलाके की लैंड स्केपिंग करके इसे रमणीक बनाया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए करीब एक करोड़ 65 लाख रुपए का टेंडर निकाला है। निगम के इंजीनियर्स ने बताया कि मैदान के चारों ओर साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। मैदान में जहां-तहां कार-बाइक लगाने की भी मनाही होगी। एक किनारे वाहनों के लिए पार्किंग बनेगी। जहां वाहन लगाकर लोग पैदल ही मैदान के किनारे सुबह और शाम में टहल सकेंगे।

शनिवार नो कार ड्राइव फेल

राजधानी के लोगों को साइकिल के प्रति अवेयर करने के लिए शनिवार नो कार अभियान भी रांची नगर निगम चला चुका है। इसके तहत शनिवार के दिन लोग अपनी कार से नहीं, बल्कि साइकिल से ही कार्यालय या कहीं भी आने-जाने का काम करते हैं। हालांकि यह कई दिनों से बंद हो गया है। इसके तहत रांची नगर निगम ने लोगों से कार की जगह साइकिल से दफ्तर जाने की अपील की है। शनिवार को कार का प्रयोग नहीं करने और साइकिल से आना-जाना करने की बात कही है।

लोग खुद साइकिल चलाएं

रांची नगर निगम की ओर से कहा गया कि शनिवार को कार चलाने पर पाबंदी जैसा कुछ नहीं है। बस लोगों से अपील की है कि वो स्वैच्छिक रूप से नगर निगम के इस अभियान में मदद करें और शनिवार को कार घर पर ही रखें। कहीं जाएं तो साइकिल से जाएं। अगर किसी को कार से निकलना जरूरी है। उन्हें लंबी दूरी का सफर करना है तो वो कार से निकल सकते हैं। कम दूरी के लिए भी कार का प्रयोग कर सकते हैं। मगर, जहां तक संभव हो साइकिल का इस्तेमाल करें ताकि शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने का नगर निगम का ये अभियान सफल हो सके। इससे साइकिल चलाने वालों की सेहत में भी सुधार होगा।

अभी शेयरिंग पर चल रही साइकिल

रांची में स्मार्ट साइकिल शेयरिंग प्रोजेक्ट चल रहा है। इसके तहत रांची के विभिन्न इलाकों में साइकिल स्टेशन बनाए गए हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत साइकिल रेंट पर लेकर लोग चला सकते हैं। एक घंटे के लिए अभी पांच रुपए लिये जा रहे हैं।

इन डाक से ले सकते हैं साइकिल

चांदनी चौक, सीएमपीडीआइ, रिलायंस मार्ट के करीब, जवाहर नगर सिदो-कान्हू पार्क, इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट स्टडी, रांची कालेज, मोरहाबादी पथ निर्माण प्रमंडल कार्यालय, चिल्ड्रेन पार्क मोरहाबादी, फुटबाल स्टेडियम मोरहाबादी, टीआरआइ के सामने भास्कर कांप्लेक्स, करमटोली चौक, जेल रोड, जेल मोड़, पुलिस हाउस कारपोरेशन, रांची वीमेंस कॉलेज, जीएंडच हाईस्कूल, प्लाजा चौक, वुडलैंड शोरूम के पास, रोहिनी टावर, लालपुर चौक, बिरसा स्मृति पार्क, कोकर इलेक्ट्रसिटी आफिस, क्रास वल्र्ड सर्कुलर रोड, डंगराटोली, एसआरएस सिनेमा के पास, अल्बर्ट एक्का चौक, पुरुलिया रोड साइंस सिटी, संत जोन्स स्कूल, उर्दू स्कूल, विक्रांत चौक, बहु बाजार चौक, मुंडा चौक, क्लब रोड, सिटी सेंटर क्लब रोड, कडरू मोड़, रोस्पा टावर, चर्च कांप्लेक्स, एकरा मस्जिद, अंजुमन प्लाजा, हनुमान मंदिर एमजी रोड, सेवा सदन के पास, शहीद चौक के पास, वेंडर मार्केट के पास, कचहरी रोड, आरआरडीए कांप्लेक्स, रेडियम रोड, जाकिर हुसैन पार्क, किशोरी यादव चौक, दुर्गा मंदिर रातू रोड, जज कालोनी, निगम पार्क, बिरसा चौक के पास आदि।

डाक से उठाएं साइकिल

अगर आप स्मार्ट साइकिल शेयरिंग प्रोजेक्ट से साइकिल लेना चाहते हैं तो आपको इसके लिए एक ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद अपनी आईडी डाल कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद कम से कम 50 रुपए की सुरक्षा राशि ऐप के जरिए देनी होगी। इसके बाद साइकिल शेयरिंग प्रोजेक्ट के लिए सब्सक्रिप्शन कराना होगा। तीन तरह का सब्सक्रिप्शन है। डेली 35-40, मंथली 236 और 1180 रुपए में सालाना सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं।

साइकिल का रेट

-आधे घंटे के लिए फ्री

-एक घंटे तक की सवारी करने पर पांच

-दो घंटे के बाद प्रति घंटा 15 रुपए

-दो घंटे तक सवारी करने पर 10 रुपए

-राजधानी में हैं कुल 60 साइकिल डाक

-10 साइकिल हैं एक डाक पर