रांची(ब्यूरो)। एक बार फिर से बाइक स्टंट का प्रचलन शुरू हो चुका है। खास किशोरों और युवाओं में यह ज्यादा देखा जा रहा है। अपनी बाइक पर तरह-तरह के करतब और खतरनाक स्टंट करते हैं ये युवा। रांची की गलियों और सड़कों पर कहीं भी स्टंट करते युवा नजर आ जाते हैं। कुछ शौक के लिए तो कुछ ने इसे अपना प्रोफेशन बना लिया है। बाइक पर खतरनाक स्टंट दिखा कर इनकम भी कर रहे हैं। लेकिन यह स्टंट जान पर भारी पर बन रहा है। कई ऐसे मामले हैं जिसमें स्टंट कर रहे युवाओं को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। या फिर स्टंट कर रहे व्यक्ति को देखने वाला भी इसका शिकार हुआ है। रविवार को ही स्टंट दिखाने में एक लड़के की जान चली गई। राजधानी रांची में दो साल पहले युवा कहीं भी स्टंट करते हुए दिख जाया करते थे। मोरहाबादी जैसा भीड़भाड़ वाला स्थान बाइकर्स के लिए पसंदीदा प्लेस बना हुआ था। लेकिन बार-बार कंप्लेन के बाद मोरहाबादी में पुलिस ने सख्ती की जिसके बाद यहां से बाइकर्स ने अपना ठिकाना बदल लिया और अब खेलगांव चले गए। पुलिस की सख्ती को देखते हुए बाइकर्स ने स्टंट दिखाना भी कम कर दिया था। लेकिन इधर कोरोना और लॉकडाउन के बाद पुलिस ढीली क्या पड़ी एक बार फिर बाइकर्स अपनी बाइक पर धूम मचाने लगे हैं।

खेलगांव, रिंगरोड नया ठिकाना

सिटी के खाली रोड जहां लोगों का ज्यादा मूवमेंट नहीं रहता है। वैसे स्थान को चिन्हित कर बाइकर्स वहां स्टंट करते हैं। खेलगांव, रिंगरोड, विधानसभा और हेथू का इलाका इनके लिए फेवरिट प्लेस बना हुआ है। यहां जाकर युवा बाइक पर स्टंट दिखाते हैं। टीन एज लड़के दूसरों को दिखाने और फेमस होने के चक्कर में कुछ हट कर करना चाहते हैं। ये अपनी बाइक को अपने इशारे पर नचाना चाहते हैं, जिसमें हल्की सी लापरवाही बड़ी घटना को अंजाम दे जाती है। कुछ लड़के यू ट्यूब और रिल्स बनाने के लिए बाइक पर स्टंट करते हैं। इससे उन्हें लाइक और फालोवर्स बढ़ाने में मदद मिलती है। पंडरा के रहने वाले एक बाइकर ने बताया कि स्टंट का वीडियो बना कर यू ट्यूब पर अपलोड करते हैं, जिसमें लाखों व्यूवर आते हैं। इससे कमाई भी हो जाती है। कई बार वीडियो बनाने के चक्कर में भी युवा दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं।

स्टंट ने ली सुनील की जान

बाइक पर कलाबाजी करना कितना खतरनाक हो सकता है। इसका सबक रिंग रोड पर हुए दर्दनाक हादसे से सिखा जा सकता है। रविवार को स्टंट में ही सुंडील के रहने वाले सुनील की जान चली गई। वहीं दो युवक रोहित और शुभम अब भी हॉस्पिटल में अपना इलाज करा रहे हैं। दरअसल, रिंग रोड पर एक लड़का बाइक से स्टंट कर रहा था। इसी दौरान बाइक लड़के के नियंत्रण से बाहर चली गई और एक बड़ा हादसा हो गया। स्टंट कर रहे युवक ने पास खड़े सुनील को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में सुनील की जान चली गई तो वहीं दो लड़के गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बता रहा है, बाइक पर स्टंट दिखाना कितना खतरनाक हो सकता है। कोई बेमौत मारा जा सकता है। लेकिन विडंबना है कि अब तक इसे रोकने के लिए कोई ठोस कानून नहीं है। बल्कि बाइकर्स गैंग इस खतरनाक खेल को खेलने की परमिशन की भी मांग कर रहे हैं। गैंग के सदस्य स्टंट की प्रैक्टिस करने के लिए सरकार से जगह देने की भी मांग कर चुके हैं।

बाइक भी है खतरनाक

बाइकर्स गैंग की पंसद के अनुसार कंपनियां भी एक से बढ़ कर एक खतरनाक बाइक बना रही है। केटीएम, डयूक, आरवन5 समेत अन्य बाइक जिसका इस्तेमाल लड़के स्टंट के लिए करते हैं। वहीं कंपनियां जिन बाइक को स्टंट के लिए नहीं बनवाती, उन्हें स्टंट बाइक की तरह बनाने के लिए सिटी में कई जगह मैकेनिक अपनी दुकान खोल कर बैठे हैं। जो बाइक का पूरा हुलिया बदल देते हैं। कुछ महीने पहले सरकार की ओर से बाइक के पाट्र्स बदलवाने पर रोक लगाने का आदेश जारी हुआ था। लेकिन वह आदेश भी आया गया साबित हुआ। आज भी दुकानों पर बाइक के पाट्र्स बदले जा रहे हैं। मेन रोड के एक दुकानदार ने बताया कि कई लड़के अपनी बाइक लेकर आते हैं, जो पाट्र्स बदलने की बात कहते हैं। साइलेंसर, चेनकवर, मोटरगार्ड बदलवाते हैं। स्टंट करने के लिए एक्स्ट्रा सॉकर भी लगवाते हैं।