रांची(ब्यूरो)। रांची के खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में लोगों को अब डिलीशियस फूड मिलेगा। रांची गर निगम द्वारा इस बस स्टैंड के फूड प्लाजा को शुरू किया जा रहा है। शहर में होटल चलाने वाले लोगों को इस फूड प्लाजा को चलाने के लिए दिया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है इस स्टैंड से देश के अलग-अलग शहरों के लिए 400 बसें चलती हैं, हजारों लोग यहां हर दिन पहुंचते हैं। लेकिन यहां खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था नहीं रहने की वजह से लोगों को परेशानी होती है। रांची नगर निगम ने इसको चलाने के लिए टेंडर भी कर दिया है और अनुभवी होटल और रेस्टॉरेंट चलाने वाले लोगों से आवेदन मांगा गया है।

पैसेंजर से मनमाना वसूली

टर्मिनल एरिया में अवैध रूप से सैकड़ों दुकानें चल रही हैं। लेकिन पैसेंजर्स की संख्या को देखते हुए रांची नगर निगम उनपर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। अब फूड प्लाजा चालू होते ही सभी अवैध ठेले और खोमचे वालों को हटाने की तैयारी है। चूंकि ये लोग पैसेंजर्स की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे मनमानी कीमत वसूलते हैं।

नहीं मिलता है खाना

रात में पैसेंजर्स को टर्मिनल में खाने के लिए भटकना पड़ रहा है। चूंकि शाम होते ही ठेले वाले अपनी दुकानें बंद कर देते हैं। वहीं टर्मिनल से बाहर निकलने के बाद भी उन्हें खाना नहीं मिल पाता है। बताते चलें कि बिरसा मुंडा बस टर्मिनल से लंबी दूरी की अधिकतर बसें रात में ही खुलती हैं। लेकिन यहां आसपास खाने की चीज नहीं मिलती है, यहां से लोगों को कांटा टोली चौक या पुरुलिया रोड में खाने के लिए जाना होता है। अब फूड प्लाजा शुरू होने से पैसेंजर को राहत होगी।

महिला-पुरुष के लिए सेपरेट डोरमेट्री

बिरसा मुंडा बस टर्मिनल खादगढ़ा आने वाले पैसेंजर्स को रात गुजारने में परेशानी नहीं होती है। इस बस टर्मिनल में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग डोरमेट्री बनाई गई है। फूड प्लाजा का क्षेत्रफल लगभग 1000 वर्गफ ट व होटल सह डोरमेट्री का क्षेत्रफल 800 वर्गफ ट है। होटल में कुल 12 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें से छह कमरे एसी व छह नॉन-एसी हैं। पुरुषों व महिलाओं के लिए छह-छह कमरे उपलब्ध हैं। इसके अलावा महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग डोरमेट्री की सुविधा भी उपलब्ध है। यहां एसी कमरे का किराया एक हजार रुपये, नन एसी कमरे का किराया 500 रुपए प्रतिदिन व डोरमेट्री के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये प्रतिदिन रखा गया है।

हजारों पैसेंजर्स डेली करते हैं सफर

यह बस स्टैंड राज्य का सबसे बड़ा बस स्टैंड है, जहां हर दिन अलग-अलग शहरों के लिए बसें खुलती हैं। अधिकतर लंबी दूरी के लिए एसी बसें चलती हैं। बहुत सारे लोग सुगह-सुबह या रात में बस पकडऩे के लिए स्टैंड पहुुंच जाते हैं, बहुत सारे लोग ट्रेन से भी आते हैं, लेकिन उनको यहां पहुंचने पर अभी अच्छा खाने पीने की सुविधा नहीं है, कुछ भी वहां मौजूद ठेले पर लोग खा लेते हैं। या उनको खाने के लिए बहुत दूर जाना पडता है। अब यहां फूड प्लाजा शुरू हो जाने के बाद सभी पैसेंजर्स को राहत होगी।