RANCHI :राजधानी रांची में भूमि विवाद और परिवार विवाद के मामले फिर से बढे़ हुए हैं। घरों की दहलीज के अंदर होने वाली खटपट थानों की चौखट तक पहुंच रही है। आपसी विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद के मामले हर दिन थाने पहुंच रहे हैं। परिवार विवाद के ज्यादातर मामलों में जमीन से जुड़ा विवाद ही सामने आ रहा है। सिटी के अलग-अलग थानों में हर दिन फैमिली एक्सटॉर्शन के मामले दर्ज हो रहे हैं। सुखदेव नगर थाना, लालपुर थाना, लोअर बाजार थाना, चुटिया थाना, जगन्नाथपुर थाना एवं महिला थाना में इस तरह के केसेज दर्ज हो रहे हैं। शुक्रवार को ही रांची के लालपुर थाने में चार मामले परिवार से जुड़े हुए पहुंचे। थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी ने बताया कि इस तरह के कई मामले आ रहे हैं, जिसमें पति-पत्‍‌नी के बीच मारपीट, सास और बहू के बीच मारपीट, परिवार में दूसरे सदस्यों के बीच का विवाद भी थाना पहुंच रहा है। विवाद के तार कहीं जमीन तो कहीं संपत्ति से जुड़े होते हैं। लोगों के आवेदन लेकर कार्रवाई के लिए भेज दिए जाते हैं।

महिला थाना में पीडि़ताओं की लाइन

महिला थाना के बाहर भी पीडि़ताओं की लाइन नजर आ रही है। तीन महीने पहले पांच से छह मामले हर दिन आ रहे थे। लेकिन इन दिनों हर दिन दर्जनों मामले थाने पहुंच रहे हैं। शादी का झांसा देकर यौन शोषण, शादी के बाद प्रताड़ना, दूसरे के साथ अवैध संबंध जैसे मामले लेकर पीडि़त थाने आ रहे हैं। महिला थाने के बाहर बैठी एक युवती ने बताया कि पति और घर वाले सभी प्रताडि़त करते हैं। पति और सास और ननद मारपीट भी करते हैं। पहले भी महिला थाना में शिकायत की थी। उस वक्त मारपीट नहीं करने का वादा किया गया। लेकिन एक साल बाद ही फिर से टॉर्चर करना शुरू हो गया है। शनिवार को भी महिला थाना के बाहर पीडि़ताओं की लाइल लगी थी।

कुछ शर्म से नहीं कर पातीं कंप्लेन

थानों तक पहुंचने के अलावा कुछ मामले ऐसे भी हैं, जिसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई जाती। पीडि़ता मामला दर्ज कराने से डरती है या शर्म के कारण वो पुलिस स्टेशन नहीं पहुंच पाती है। डीजे आईनेक्स्ट से कांके की रहने वाली एक महिला ने मदद की गुहार लगाई। महिला का कहना था, उसके पति उसके साथ मारपीट और गाली गलौज करते हैं। शादी के 19 साल हो चुके हैं,फिर भी पति के अवैध संबंध हैं। पूछने पर मारपीट शुरू कर देते हैं। महिला ने बताया कि उनके पति शहर के जाने-माने व्यापारी हैं। उनका पेट्रोल पंप है। घर की इज्जत और शर्म के कारण थाने में केस दर्ज नहीं करा रही। महिलाओं के लिए काम करने वाले संगठन नारी शक्ति की अध्यक्षा आरती बेहरा ने बताया कि हर दिन आठ से दस फोन महिला उत्पीड़न के आ रहे हैं, जितना संभव होता है महिलाओं की मदद करती हूं।

एक महीने में आए मामले

महिला थाना 190

सुखदेव नगर थाना 49

लालपुर थाना 38

चुटिया थाना 26

लोअर बाजार थाना 43