रांची: होली आने में अभी लगभग डेढ़ महीना बाकी है, लेकिन इस बीच देश के विभिन्न महानगरों से रांची आने का फ्लाइट फेयर डेढ़ से दोगुना तक बढ़ गया है। 29 मार्च को होली है और इससे एक सप्ताह पहले से विमान किराया में वृद्धि दिखाई दे रही है। 26 और 27 मार्च को विमान किराया सबसे अधिक है। इस दौरान दिल्ली से रांची तक का किराया 4000 रुपए से लेकर 16000 रुपए तक हो गया है। हालांकि, यह अभी वर्तमान में टिकट लेने वालों के लिए किराया है। जैसे-जैसे होली का दिन नजदीक आता जाएगा किराया और बढ़ता जाएगा।

कैसे बढ़ता है विमान का किराया

हवाई जहाज का किराया मांग के अनुसार बढ़ता और घटता रहता है। होली और दीपावली जैसे पर्व पर दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों में रहने वाले लोग अपने घर जाना चाहते हैं। ऐसे में सीटों की मांग अधिक होती है और जगह कम। एयरलाइंस कंपनियां बढ़ी हुई इस मांग का फायदा उठाती हैं और किराया बढ़ा देती हैं। होली से पहले दिल्ली से रांची आने के लिए जहां 4000 से 15000 रुपए किराया लग रहा है। वहीं, 1 अप्रैल को दिल्ली से रांची जाने का किराया 2355 रुपये के बीच ही है। विमान से यात्रा करने पर एक या दो माह पहले टिकट खरीदने से कम किराया लगता है। शनिवार और रविवार के दिन किराया बढ़ जाता है।

अहमदाबाद, पटना से सीधे पहुंचेंगे रांची

इस होली में अहमदाबाद और पटना से भी लोग सीधे रांची पहुंचेंगे। रांची से अहमदाबाद के लिए विमान सेवा की शुरुआत हो गई है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सप्ताह में तीन दिन विमान अहमदाबाद के लिए उड़ान भरेगा और अहमदाबाद ये विमान रांची पहुंचेगा। इस विमान सेवा के शुरू होने से व्यापारी सहित आम लोगों को काफी फायदा मिल रहा है। इस विमान सेवा की शुरुआत होने से होली में लोगों को काफी राहत मिलेगी। अभी तक रांची से पटना के लिए सीधी फ्लाइट नहीं है, इस कारण पटना जाने के लिए लोगों को पहले रांची से दिल्ली जाना पड़ता है वहां से फिर पटना के लिए फ्लाइट लेनी होती है। इसी तरह पटना से रांची आने के लिए पहले दिल्ली जाना होता है उसके बाद रांची आना पड़ता है। लेकिन जल्द ही रांची से पटना के लिए सीधी फ्लाइट भी शुरू होने वाली है।

रांची से 17 फ्लाइट्स

कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के लिए कई फ्लाइट्स हैं। अभी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 17 विमान उड़ान भर रहे है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के लिए विमान उड़ान भर रहे हैं। इंडिगो की फ्लाइट जो हफ्ते में तीन दिनों के लिए मुंबई की उड़ान भरती है, वही विमान अब हफ्ते में बाकी तीन दिन अहमदाबाद के लिए उड़ान भरेगा।

होली पर दिल्ली से रांची आने या जाने का फ्लाइट फेयर

26 मार्च: विस्तारा 4403, इंडिगो 4665 व गोएयर 5553 रुपए

27 मार्च: विस्तारा 4403, इंडिगो 4245, स्पाइसजेट 4401 व एयर इंडिया 4402 रुपए

30 मार्च: इंडिगो 4245, एयर इंडिया 4402, गो एयर 4403 व विस्तारा 4403 रुपए

31 मार्च : इंडिगो 4245, एयर इंडिया 4402, गो एयर 4403 व विस्तारा 4403 रुपए

1 अप्रैल: एयर इंडिया 2355, गोएयर 2358, विस्तारा 2397, एयर इंडिया 2670 व इंडिगो 2709 रुपए

2 अप्रैल : एयर इंडिया 2355, गोएयर 2358, विस्तारा 2397, एयर इंडिया 2670 व इंडिगो की फ्लाइट का किराया 2709 रुपए।

रांची से मुंबई

26 मार्च : इंडिगो 3825, एयर एशिया 4099, स्पाइसजेट 4100 व गो एयर का किराया 4500 रुपए

27 मार्च: गो एयर 4875, इंडिगो 5085, स्पाइसजेट 5371 व एयर इंडिया 5645

रांची से कोलकाता

26 मार्च : इंडिगो की फ्लाइट का किराया 4037 रुपए

रांची से बेंगलुरु

26 मार्च: इंडिगो फ्लाइट का किराया 5071 रुपए