रांची (ब्यूरो)। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के इलेक्शन में इस बार भी अमिताभ चौधरी गुट का दबदबा रहा। डॉ। नफीस अख्तर ने अपने प्रतिद्वंद्वी अजय मारू को 200 वोट के अंतर से हराकर जहां अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया, वहीं अन्य पदों पर भी डॉ। नफीस गुट के ही प्रत्याशियों को जीत मिली। सेक्रेटरी पद पर जहां पहले ही अजय नाथ शाहदेव निर्विरोध चुन लिए गए थे वहीं उपाध्यक्ष पद पर संजय सहाय, कोषाध्यक्ष पार्थसारथी सेन और संयुक्त सचिव राजीव बधान चुने गए। पूरी तरह से क्लीन स्विप मिलने के बाद विजयी प्रत्याशियों के खेमे में देर शाम तक जश्न का माहौल रहा। नारेबाजी के बीच नई टीम ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए वोटर्स के प्रति आभार जताया। देर शाम तक रंग-गुलाल, आतिशबाजी और मिठाई का दौर चला।

91 परसेंट वोटिंग हुई
सुबह 9 बजे शुरू हुए मतदान में कुल 740 वोटरों में से 672 ने अपने मत का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में लगभग 91 परसेंट वोटिंग हुई। ज्ञात हो कि डॉ। नफीस गुट के अजयनाथ शाहदेव पहले ही अपने प्रतिद्वंद्वी सुनील कुमार साहू का नामांकन रद होने के कारण निर्विरोध सचिव चुन लिए गए थे। वहीं डॉ। नफीस के खिलाफ अध्यक्ष पद पर झारखंड चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अजय मारू चुनाव लड़ रहे थे। जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष रहे अमिताभ चौधरी के लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बना था। डॉ। नफीस अमिताभ चौधरी गुट के ही माने जाते हैं।
ranchi@inext.co.in