रांची (ब्यूरो)। सिटी की सड़कों पर अब यदि आप ड्रिंक किए हुए पकड़े जाएंगे तो आपके साथ सख्त कार्रवाई होगी। रांची पुलिस को इसकी जांच के लिए हथियार दे दिया गया है। सिटी के अलग-अलग इलाकों में एंटी डं्रक एंड ड्राइव अभियान चलाया जा रहा है। नए साल को देखते हुए इस मुहिम को और ज्यादा गंभीरता से चलाया जा रहा है, जिसमें रात के नौ से बारह बजे वाहनों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसलिए शराब पीने वाले जरा सोच समझ कर वाहन चलाएं, क्योंकि अब वे सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ रांची पुलिस विशेष अभियान छेड़ दी है। अगले एक महीने तक पुलिस सख्ती के साथ इस अभियान को चलाएगी। जिसमें डं्रक एंड ड्राइव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, बल्कि उनके वाहन भी जब्त कर लिए जाएंगे। सोमवार को भी एसएसपी किशोर कौशल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नए साल में शराब पीकर वाहन चलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।

सुरक्षा के उठाए कदम

राजधानी की सड़कों पर आए दिन रोड एक्सीडेंट के मामले सामने आ रहे हैं, जिसमें लोगों की जान भी जा रही है। रोड एक्सीडेंट की सबसे बड़ी वजह शराब पीकर वाहन चलाना होता है। बेमौत कोई न मरे इसलिए भी यह ड्राइव चलाया जा रहा है। इसे रोकने के लिए ही रांची पुलिस ने एंटी डं्रक एंड ड्राइव मुहिम शुरू की है। यह अभियान पहले भी चलाया जाता था, लेकिन पुलिस के पास शराब की जांच करने वाली ब्रेथ एनालाइजर मशीन नहीं थी, जिस कारण ऐसे लोग पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे थे और उनपर कोई कार्रवाई भी नहीं हो रही थी। अब पुलिस को मशीन उपलब्ध करा दी गई है, जिसकी मदद से पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को दबोच रही है। 24 जिलों के लिए 100 ब्रेथ अल्कोहल अनालाइजर की खरीदारी पुलिस मुख्यालय की ओर से गई है। इसे सभी जिलों के एसपी को हैंडओवर कर दिया गया है। रांची में फिलहाल दस मशीन उपलब्ध कराई गई है। मशीन मिलने के बाद इस अभियान को तेज गति से चलाया जा रहा है।

यहां बचके निकलना आसान नहीं

रांची के लालपुर, न्यूक्लियस मॉल, सुजाता, कांके, बिरसा चौक समेत दूसरे चौक-चौराहों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। रात नौ से बारह बजे तक विशेष रूप से यह अभियान चलाया जाता है। जिसमें हर आने-जाने वाले की जांच की जाती है। जांच के दौरान पूरी कड़ाई की जा रही है। लोगों से नाम, पता पूछने के साथ ही बाहर निकलने के कारण भी पूछे जा रहे हैं। दरअसल, बीते कुछ दिनों से सिटी में मारपीट की भी घटनाएं बढ़ी हैं, जिसे देखते हुए भी पुलिस सख्ती के साथ पेश आ रही है।

पुलिस से भी नोकझोंक

शराब पीकर ड्राइविंग करना गैरकानूनी है, यह हर कोई जानता है। फिर भी कई लोग हैं जो इसका पालन नहीं करते, वे शराब के नशे में ड्राइविंग करते हैं। जांच के दौरान पब्लिक और पुलिस के बीच नोकझोंक भी देखने को मिल रही है। शराब के नशे में लोग पुलिस से भी उलझ रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस से उलझने वालों के वाहन जब्त कर लिए जाएंगे। उन्हें फिर कोर्ट से अपना वाहन छुड़वाना पड़ेगा। ऐसे लोगों के लाइसेंस भी रद किए जाएंगे।

लोग शराब पीकर वाहन चलाते हैं, जिस वजह से कई लोग दुर्घटना के भी शिकार हो जाते हैं। इसे रोकने के लिए सिटी में एंटी डं्रक एंड ड्राइव अभियान चलाया जा रहा है। रात 9 से 12 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

-किशोर कौशल, एसएसपी, रांची