RANCHI : उभरते एथलीट विवेक कुमार बैठा अब इस दुनिया में नहीं रहे। बुधवार की सुबह कामख्या एक्सप्रेस ट्रेन से रांची लौटने के दौरान वह अपनी बोगी में गेट के पास से बाहर नजारे को देख रहा था इस बीच अचानक एक बिजली पोल से उसका सिर टकरा गया, जिससे वह ट्रेन के नीच गिर पड़ा। यात्रियों ने आनन-फानन में चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, लेकिन विवेक की मौत हो चुकी थी। जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धनबाद के कुमारधुबी और मुगमा स्टेशन के बीच यह हादसा हुआ।

10 लाख मुआवजे की मांग

सांसद रवींद्र पांडेय के प्रतिनिधि अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री, मुख्यसचिव और खेलमंत्री को पत्र लिखकर उभरते एथलीट विवेक की मौत पर उनके परिजनों को दस लाख मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में आयोजित ईस्ट जोन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वह झारखंड को रिप्रेजेंट कर रहा था। ऐसे में उसकी असामयिक मौत से इस राज्य ने एक उभरता एथलीट खो दिया है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रभाकर, मधुकांत पाठक और साई रांची के कोच विनोद कुमार धनबाद के लिए रवाना हो गए।

गुवाहाटी में झारखंड को किया था रिप्रेजेंट

सात सितंबर को 105 सदस्यीय झारखंड एथलेटिक्स टीम ईस्ट जोन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शामिल होने के लिए गुवाहाटी गई थी। विवेक कुमार भी इस टीम का सदस्य था। कोच प्रभात रंजन ने बताया कि इस चैंपियनशिप में पार्टिसिपेट करने के बाद टीम के कई प्लेयर्स कामख्या एक्सप्रेस से रांची लौट रहे थे। सभी एथलीट एस वन बोगी में थे। बुधवार की सुबह 9.30 बजे के करीब विवेक बोगी के गेट से बाहर देख रहा था। इसी दौरान एक बिजली के खंभे से उसका सिर टकरा गया। आनन-फानन में ट्रेन को रोका गया और जीआरपी व आरपीएफ को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद उसे पीएमसीएच, धनबाद ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि हेड इंज्यूरी के कारण उसकी मौत हुई है।

आर्मी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था विवेक

साई के कोच विनोद कुमार ने बताया कि 16 वर्षीय विवेक कुमार बैठा आर्मी स्कूल में नौवीं क्लास का छात्र था। वह पिछले छह माह से एथलेटिक्स की प्रैक्टिस कर रहा था। उसने इंटर डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी पार्टिसिपेट किया था। विवेक के पिता द्वारिका बैठा आर्मी कैंटीन में काम करते हैं। वह अपने घर का सबसे बड़ा लड़का था। घर में एक छोटा भाई और मां है। विवेक का परिवार बरियातू थाना एरिया के हरिहर सिंह रोड में रहता था।