- मानसिक रूप से थी बीमार, रात के डेढ़ बजे अचानक शोर सुनकर जगे परिजन

- ओरमांझी स्थित कॉलेज में अंतिम सेमेस्टर की दे चुकी थी परीक्षा

रांची : रांची के खेलगांव इलाके के डुमरदगा में रहने वाली इंजीनिय¨रग की छात्रा नीरू कुमारी (22) ने शरीर पर केरोसीन डालकर आत्मदाह कर लिया। घटना बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे की है। नीरू मानसिक रूप से बीमार थी। करीब डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में उसके सिर पर चोट लगी थी। इस चोट के बाद से ही उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी थी। रिनपास में उसका इलाज चल रहा था। छात्रा ओरमांझी स्थित आरटीसी इंजीनिय¨रग कॉलेज में अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं दे चुकी थी। हालांकि वह दो पेपर में शामिल नहीं हुई थी। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात पूरे परिवार के लोग खाना खाकर सोने चले गए थे। रात में अचानक नीरू ने शोर मचाया। शोर सुनकर माता-पिता सहित अन्य परिजन पहुंचे तो देखा कि उसने केरोसीन डालकर आग लगा ली है। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि अस्पताल के लिए घर से निकलने से पहले ही नीरू की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह जानकारी मिलने के बाद खेलगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रिम्स भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। छात्रा के पिता अवधेश प्रसाद के बयान पर खेलगांव थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है।

हादसे के बाद बिगड़ती गई मानसिक स्थिति

छात्रा के पिता के अनुसार पिछले तीन वर्ष से नीरू डिप्रेशन में चल रही थी। इधर, सड़क हादसे के बाद डिप्रेशन बढ़ा और मानसिक स्थिति बिगड़ती चली गई। बुधवार की रात पिता ने दवा खिलाई थी। इसके बाद वह सोने चली गई थी। इसबीच आत्मदाह कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। नीरू के एक बहन और एक भाई है।