रांची: सिटी में एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलने वाला है। एक ओर जहां जयपाल सिंह स्टेडियम का मेकओवर किया जाएगा। वहां आर्टिफिशियल वाटर फॉल बनाया जाएगा। वहीं, मोरहाबादी मैदानी का भी 5.85 करोड़ की लागत से ब्यूटिफिकेशन किया जाएगा। इस राशि से यहां नाइट मार्केट बनाया जाएगा। दुर्गा मंदिर के समीप की जगह पर मैदान के सारे दुकानदारों को शिफ्ट किया जाएगा। खाली जगह पर अर्बन फॉरेस्ट बनाया जायेगा। इस मैदान पर ही तीन किमी लंबा डेडिकेटेड साइकिल ट्रैक भी बनेगा। सीएम हेमंत सोरेन ने 84 करोड़ की लागत वाली कई बड़ी योजनाओं का शिलान्यास शुक्रवार को किया।

आर्टिफिशियल वाटर फॉल

जयपाल सिंह स्टेडियम के सौंदर्यीकरण पर सरकार 4.53 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इस राशि से फुटबॉल ग्राउंड बनाया जाएगा। मैदान में पहले से बने सारे स्ट्रक्चर को तोड़ कर हटाया जाएगा। मैदान के चारों ओर जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। एक कोने में आर्टिफिशियल वाटर फॉल बनेगा। इसके अलावा मैदान के एंट्री प्वाइंट पर जयपाल सिंह की आदमकद प्रतिमा लगायी जाएगी।

मोरहाबादी में अर्बन फॉरेस्ट

5.85 करोड़ से मोरहाबादी मैदान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस राशि से यहां नाइट मार्केट बनाया जाएगा। दुर्गा मंदिर के समीप की जगह पर मैदान के सारे दुकानदारों को शिफ्ट किया जाएगा। खाली जगह पर अर्बन फॉरेस्ट बनाया जाएगा। इस मैदान पर ही तीन किमी लंबा डेडिकेटेड साइकिल ट्रैक बनेगा।

कांके रोड में अर्बन हाट

कांके रोड में अर्बन हाट का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए कांके डैम के पास जगह चिह्नित की गयी है। अर्बन हाट के निर्माण के लिए 4.67 करोड़ रुपये की योजना बनायी गयी है। कांके डैम से सटे रॉक गार्डन के प्रवेश द्वार, पार्किग व अन्य विकास कार्यो के लिए भी 1.81 करोड़ रुपये की योजना बनायी गयी है।

इन योजनाओं का शिलान्यास

जयपाल सिंह स्टेडियम, मोरहाबादी मैदान, बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण, कांके रोड में अर्बन हाट का निर्माण, सहजानंद और अरगोड़ा चौक का सुधार कार्य समेत सड़क एवं नाली निर्माण आदि योजनाओं का शिलान्यास किया गया। जयपाल सिंह स्टेडियम, मोरहाबादी मैदान व बड़ा तालाब के पुनर्विकास कार्यो के साथ अर्बन हाट की डिजाइन आर्किटेक्ट राजीव चड्डा ने तैयार की है। वहीं, शहर की प्रमुख सड़कों पर पेबर्स-चेकर्स और स्टील रेलिंग लगाने का भी शुभारंभ किया जाएगा।