रांची: रांची में हर 24 घंटे में कोरोना के कारण मौत का एक मामला सामने आ रहा है। पिछले 18 दिनों में 21 मौत कोविड के कारण हुई है। झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अगस्त का महीना सबसे भयावह साबित हो रहा है। झारखंड में सिर्फ अगस्त महीने के 18 दिनों में 160 संक्रमितों की मौत हो गई है। सबसे अधिक 101 मौत जमशेदपुर में हुई है, जो मौत के मामलों में 100 पार करने वाला एकमात्र जिला है। सिर्फ अगस्त में 75 संक्रमितों की मौत हुई है। वहीं, रांची में अबतक मौत के कुल मामले 50 के करीब हो गए हैं। सिर्फ जमशेदपुर, रांची और धनबाद में मिलाकर कोरोना संक्रमितों की संख्या आधे से अधिक है।

18 दिनों में 15 हजार नए केसेज

राज्य में सिर्फ 18 दिनों में 15 हजार से अधिक कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। 1 अगस्त से 18 अगस्त तक कुल 14798 मरीजों की पुष्टि हुई है। जांच में तेजी आ जाने से कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सबसे अधिक मरीज रांची जिला में मिल रहे हैं। प्रतिदिन औसतन 250 कोरोना संक्रमितों की पहचान हो रही है। बता दें कि मंगलवार और बुधवार दो दिनों में दो प्रसिद्ध व्यक्तियों की मौत हो गई है, जिसमें से एक बीकेबी मॉल के मालिक विजय मोदी और दूसरे रांची एक्स रे के संचालक डॉ एसके पॉल शामिल हैं। एसके पॉल की मौत बुधवार को सुबह आर्किड हॉस्पिटल में हुई है।

रांची के 2500, जमशेदपुर के 1900 मरीज रिकवर

राज्य में सबसे अधिक मामले रांची और जमशेदपुर से सामने आ रहे हैं। रांची के 2500 लोग अबतक रिकवर हो चुके हैं। वहीं 2100 के करीब वर्तमान में एक्टिव हैं। वहीं, जमशेदपुर के 1813 एक्टिव केसेज हैं। रांची और जमशेदपुर के अलावा गिरिडीह और धनबाद में एक हजार से अधिक संक्रमित मरीज हैं।

मास्क जरूरी, ना करें आनाकानी

यहां यह ध्यान देने वाली बात है कि रांची डीसी समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस ने कई बार लोगों से मास्क पहनने की अपील की। साथ ही साथ कई तरह के अभियान प्रोग्राम भी चलाए गए, इसके बावजूद भी लोग मास्क पहनने में आनाकानी करते हैं और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। अब ट्रैफिक पुलिस भी इसके खिलाफ अभियान चलाने वाली है।

लोगों के लिए यह जरूरी है कि मास्क लगाएं। इसमें किसी भी तरह की कोताही कानून का भी उल्लंघन है। जिला प्रशासन लगातार हर इलाके में अवेयरनेस प्रोग्राम चलाकर लोगों को जागरूक कर रहा है। मास्क पहनने और कोरोना से चल रही लड़ाई के लिए अहम भूमिका निभाएं।

छवि रंजन, डीसी, रांची