-सुनसान मैदान में अपराधियों ने मांगा पैसा, नहीं देने पर चलाई गोली

रांची : नगड़ी थाना क्षेत्र के पनंछिगा चौक में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सेल्समैन को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायलावस्था में उसे नगड़ी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स भेज दिया गया। सेल्समैन का नाम राजेंद्र साह बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार राजेंद्र साह लगभग 8 बजे रात्रि अपनी दुकान को बंदकर वापस अपने निवास स्थान रोज की तरह पैदल ही आ रहा था। इसी बीच जैसे ही वह एक अंधेरे सुनसान मैदान में पहुंचा, वहां स्कूटी में पहले से ही 2 लोग खड़े थे। वहां उन लोगों ने राजेंद्र से पैसे की मांग की। राजेंद्र द्वारा पैसा नहीं देने पर विवाद हो गया। इसी बीच दोनों लड़कों में से एक ने गोली चला दी। इसके बाद दोनों अपराधी भाग निकले। गोली लगने के बाद राजेंद्र गोली लगे स्थान में हाथ रखकर वापस अपनी दुकान में पहुंचे और वहां खड़े लोगों को बताया कि मुझे पेट में गोली मारी गई है। तत्काल लोगों ने इसकी सूचना नगड़ी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को नगड़ी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी कमल नारायण सिंह सबल और डीएसपी मुख्यालय दो विजय कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरु कर। इधर, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि नगड़ी थाना क्षेत्र अपराधियों की शरणस्थली बन गई है। यहां आए दिन आपराधिक घटनाओं को अपराधियों द्वारा अंजाम दिया जा रहा है। इससे यहां के लोग भयभीत हैं। उन्होंने गोली मारनेवाले अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग प्रशासन से की है।