रांची : रांची के मुरी रेलवे स्टेशन के समीप डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में कष्णा महतो, रविदास करमाली, फुलचंद करमाली, संजय महतो और अब्दुल हई शामिल हैं। सभी आरोपित सिल्ली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके पास से गुप्ती, चाकू समेत आधा दर्जन मोबाइल व बोलेरो वाहन बरामद किया गया है। पकड़े गए अपराधियों से हुई पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी मिली है कि गिरोह के सदस्य एनएच की सड़क पर लूटपाट व डकैती की वारदात को अंजाम देते थे।

लूटपाट की शिकायत

पूरे मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने प्रेसवार्ता में बताया कि एनएच की सड़क पर हथियार के बल पर लूटपाट की शिकायत लगातार मिल रही थी। इसी दौरान बीते रविवार की रात गुप्त सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति मुरी स्टेशन के पीछे सुनसान सड़क पर बोलेरो गाड़ी से घूम रहे हैं। सिल्ली डीएसपी के नेतत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने रविवार की रात छापेमारी कर अपराधियों को दबोच लिया। आरोपितों ने अपने कुछ और साथियों का भी नाम बताए है, जिसकी पुलिस तलाश में जुट गई है।

बाहरी लोगों से करते थे लूटपाट

गिरफ्तार अपराधी आधी रात के बाद सड़कें जब सुनसान हो जाती थी, तब लूटपाट करने के लिए सड़कों पर निकलते थे। एनएच की सड़कों पर अपनी बोलेरो गाड़ी से शिकार की तलाश में घूमते रहते थे। मगर वैसे लोगों को वे टारगेट नहीं करते थे, जो लोकल हैं। दूसरे शहर जाने वाली चार पहिया वाहन या फिर बाइक सवार को वे टारगेट करते थे। एनएच की सड़क पर उनका पीछा कर पकड़ते। हथियार के बल पर उनसे लूटपाट करते। धमकी भी देते कि इसके इलाके में अगर गाड़ी धीमी की या रोका तो जान से मार देंगे।

नंबर प्लेट बदल निकलते थे

ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी एक साल से एनएच की सड़क पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे थे। 50 से अधिक लोगों से अपराधी लूटपाट कर चुके हैं। अपराधियों ने आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए एक बोलेरो गाड़ी खरीदी थी। उसी गाड़ी में घूम-घूमकर लूटपाट करते थे। जब वे आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए निकलते थे, तब गाड़ी का नंबर प्लेट ही बदल देते थे। ताकि पहचान नहीं हो सके।