रांची(ब्यूरो)। होली में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई से अपने घर रांची आने वाले लोगों को लगभग तिगुना फ्लाइट किराया चुकाना होगा। रांची एयरपोर्ट पर सबसे अधिक दिल्ली से फ्लाइट आती है, आम दिनों में जहां रांची से दिल्ली का किराया 5000 होता है, वहीं, 19 मार्च से लेकर 24 मार्च तक दिल्ली से रांची का किराया 13 हजार रुपए से अधिक हो गया है। इसी तरह रांची से बेंगलुरु का किराया पांच हजार है, होली के समय रांची से बेंगलुरु का किराया 12 हजार हो गया है। चेन्नई से रांची का किराया भी 15 हजार तक पहुंच गया है।

लो फेयर सीट उपलब्ध नहीं

दामों में बढ़ोतरी को देखते हुए लो फेयर वाली सीटों की बुकिंग लोग तेजी से करवा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली से रांची की सीधी फ्लाइट में लो फेयर सीट उपलब्ध नहीं है। सामान्य दिनों में दिल्ली व कोलकाता को छोड़ दें तो विभिन्न महानगरों से रांची का सामान्य किराया पांच से छह हजार रुपए है। बेंगलुरु से रांची का सामान्य किराया 5039 से लेकर 6429 रुपए तक रहता है। त्योहार के सीजन में यह किराया 17 से लेकर 18 हजार तक पहुंच गया है।

विमान कंपनियों ने बढ़ा किराया

होली पर रांची आने वाले यात्रियों को अब तीन गुना से भी ज्यादा महंगा हवाई किराया चुका कर घर आना होगा। यात्रियों की भीड़ को देखकर एयरलाइंस कंपनियों ने अपने किराये को तीन गुना तक बढ़ा दिया है, खासकर 23 और 24 मार्च को दिल्ली से रांची आने वाले विमान का किराया काफी हाई है।

80 हजार तक आने-जाने का खर्च

होली में रांची आने के लिए इस बार हवाई किराया फिर कई गुना बढ़ गया है। देश के बड़े शहरों से दो बच्चों समेत एक छोटे परिवार को होली में घर आने-जाने में 80 हजार रुपए तक खर्च पड़ रहा है। हालात यह है कि दिल्ली से रांची आने का किराया रांची से दुबई जाने के किराये से भी दोगुना ज्यादा है। मुंबई, चेन्नई जैसे शहरों से रांची आना 15 हजार रुपए के भी पार चला गया है। सामान्य दिनों में दिल्ली से रांची आने का किराया जहां 4000 रुपए होता था, वहीं होली के समय अब किराया 13 हजार से अधिक हो गया है।

और महंगा होगा टिकट

होली आने में अभी चार से पांच दिन बाकी हैं, लेकिन इस बीच देश के विभिन्न महानगरों से रांची आने का फ्लाइट फेयर डेढ़ से दोगुना तक बढ़ गया है। 25 मार्च को होली है और इससे एक सप्ताह पहले से विमान किराया में वृद्धि दिखाई दे रही है। 23 और 24 मार्च को विमान किराया सबसे अधिक है। हालांकि, यह वर्तमान में टिकट लेने वालों के लिए किराया है। जैसे-जैसे होली का दिन नजदीक आता जाएगा किराया और बढ़ता जाएगा।

9 से 24 मार्च तक मेट्रो सिटी से रांची का किराया

बेंगलुरु-रांची -14,574

मुंबई-रांची - 15000

दिल्ली-रांची - 13,300

कोलकाता-रांची - 7,534

चेन्नई-रांची - 14,137

हैदराबाद-रांची - 10,827

ऐसे बढ़ता है विमान का किराया

हवाई जहाज का किराया मांग के अनुसार बढ़ता और घटता रहता है। होली और दीपावली जैसे पर्व पर दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों में रहने वाले लोग अपने घर जाना चाहते हैं। ऐसे में सीटों की मांग अधिक होती है और जगह कम। एयरलाइंस कंपनियां बढ़ी हुई इस मांग का फायदा उठाती हैं और किराया बढ़ा देती हैं। विमान से यात्रा करने पर एक या दो माह पहले टिकट खरीदने से कम किराया लगता है। शनिवार और रविवार के दिन किराया बढ़ जाता है।

रांची से 35 फ्लाइट्स

कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के लिए कई फ्लाइट्स हैं। अभी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 35 विमान उड़ान भर रहे हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के लिए विमान उड़ान भर रहे हैं। इंडिगो की फ्लाइट मुंबई की उड़ान भरती है, हाल के दिनों में रांची एयरपोर्ट से पैसेंजर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। रांची एयरपोर्ट से हर दिन करीब 7000 तक पैसेंजर का रांची से देश के अलग-अलग शहरों में आना-जाना होता है।