LATEHAR: लातेहार जिले के चंदवा थाना अंतर्गत लुकुइया गांव के पास नक्सलियों व पुलिस के बीच गोलीबारी में पुलिस के एएसआइ सुकरा उरांव व होमगार्ड के तीन जवान शहीद हो गए। डीजीपी कमल नयन चौबे ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार चुनाव के वक्त लोगों की आवाजाही को देखते हुए विशेष पेट्रोलिंग की जा रही थी। रास्ता क्लीयर कराने के लिए होमगार्ड के जवानों को लगाया गया था। इसी बीच नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें हाइवे पेट्रोल के तीन होमगार्ड जवान व एक एएसआइ के शहीद होने की सूचना मिली है। पुलिस टीम पहुंच गई है। नक्सलियों की खोज में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पेट्रोलिंग कर रही थी जवानों की टीम

इधर, जानकारी के अनुसार पुलिस की हाइवे पेट्रोल-वन की टीम आम दिनों की तरह लातेहार-रांची रोड पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी बीच लुकुइया गांव के समीप नक्सलियों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद हाइवे पेट्रोल टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने भी गोलीबारी का जवाब देते हुए अपनी गाड़ी पीछे की तरफ मोड़ दी। लेकिन, तब तक पुलिस के एक एएसआइ की गोली लगने से मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, तीनों गृह रक्षकों - जमुना प्रसाद, सिकंदर सिंह व शंभू प्रसाद - को भी गोली लग गई और वे भी शहीद हो गए। इस गोलीबारी में होमगार्ड जवान दिनेश राम बाल-बाल बच गए। इधर, सूचना के बाद चंदवा थाने से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल की ओर रवाना कर दिए गए हैं।

इलाका पुलिस छावनी में तब्दील

घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जवान इलाके में रात में ही सर्च अभियान में जुट गए हैं।

बाल-बाल बचे भाजपा के प्रदेश मंत्री

नक्सलियों के इस हमले में भाजपा के प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू बाल-बाल बच गए। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मेदिनीनगर से रांची लौट रहे थे। चंदवा से जैसे ही आगे बढ़े, वहां रात करीब साढ़े आठ बजे के आसपास पुलिस व नक्सलियों के बीच गोलीबारी चल रही थी। उन्होंने किसी तरह गाड़ी पीछे कर लोहरदगा की तरफ भागने में सफलता पाई।