RANCHI:लोगों से अवैध वसूली के एक से बढ़कर एक तरीके रोज सामने आ रहे हैं। इस बार हसीन चेहरों ने सिटी पर अटैक किया है। मकसद है मजबूरी का झांसा देकर आम लोगों से पैसे ऐंठना। यह खेल रांची और जमशेदपुर में शुरू हुआ है। राहगीरों को रोककर कुछ यंग लड़कियां उन्हें बताती हैं कि वे घर जाना चाहती हैं पर पैसे नहीं हैं। मदद के लिए सौ-दो सौ रुपए दे दीजिए। जो झांसे में आ गया, उससे वसूली हो जाती है और जो सवाल-जवाब करता है, उसे धमकाती भी हैं।

इन इलाकों में एक्टिव

रांची में लड़कियों का यह वसूली गैंग बहू बाजार, स्टेशन रोड, चुटिया और न्यूक्लियस मॉल के आसपास सक्रिय है। वहीं जमशेदपुर में ब्रांच रोड से गुजरने वाले लोगों को ये लड़कियां निशाना बना रही हैं। यह गैंग एक ही है, जो इन दोनों शहरों में लोगों को खुलेआम लूटने के लिए खड़ा है। सोमवार और मंगलवार को अपना काम रांची से निबटाने के बाद यह गैंग बुधवार को जमशेदपुर पहुंचा, जहां इन्होंने राहगीरों को टारगेट किया। वहां कुछ लोगों ने इनकी तस्वीरें खींच लीं, जिसके बाद हंगामा भी हुआ।

यह है इनका तरीका

ये लड़कियां करीब चार की संख्या में घूमती नजर आती हैं। सड़क पर चल रहे लोगों को रुकवा कर उन्हें अपनी मजबूरी बताती हैं। लोगों से पैसे की डिमांड की करती हैं। कई बार राहगीर और लड़कियों के बीच बकझक की नौबत आ जाती है। लेकिन, यह गैंग लड़की होने का फायदा उठा कर बच निकलता है। किसी एक लड़की के साथ नोक-झोंक होने पर गु्रप के सभी सदस्य एक जगह जमा हो जाते हैं। इसके बाद राहगीरों के साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी भी दी जाती है।

मजबूरी बता मांगती हैं पैसे

रांची की सड़कों पर घूमने वाली लड़कियों का यह गैंग गुजरात, राजस्थान, यूपी व दूसरे राज्यों का है। ये लोग खुद को राजस्थानी बताती हैं और पैसे की कमी बताकर हेल्प करने की बात कहती है। ये लड़कियां सबसे पहले सिटी की किसी सड़क का सेलेक्शन करती हैं, जहां अलग-अलग लोकेशन पर ये खड़ी हो जाती है। आने वाले हर इंसान को गौर से देखती हैं। जहां कोई फंसने वाला नजर आता है, उन्हें रुकने का इशारा करती हैं। राहगीर के रुकते ही ये लड़कियां अपनी मजबूरी, बेबसी और लाचारी की कहानी बताने लगती हैं। जैसे बाहर से आए है। पैरेंट्स चले गए, हम यहीं छूट गए हैं। वापस जाने एवं खाने के लिए पैसे भी नहीं हैं। किसी से पांच सौ किसी से एक हजार रुपए देने को कहती हैं। कुछ लोग मजबूरी को सच मान कर मदद भी कर देते हैं।

सवाल पूछने पर बवाल

अगर कोई व्यक्ति सवाल पूछता है तो ये लड़कियां उनसे उलझने लगती हैं। पैसे मांगने के दौरान ये लड़कियां गलत मंसूबे के साथ काफी करीब भी आ जाती हैं। किसी तरह के विवाद होने पर लड़की व्यक्ति पर छेड़छाड़ के आरोप लगाने से भी पीछे नहीं हटती। दो दिन पहले ही बहू बाजार के समीप एक ऐसा ही वाक्या हुआ। जब लड़की ने एक युवक को रुकवा कर पैसे की मांग की तो युवक ने लड़कियों से प्रमाण देने को कहा। युवक उन लड़कियों की वीडियो बनाने लगा। जिसे देख कर लड़कियों का पूरा गु्रप बिफर पड़ा और सभी मिल कर युवक को डराने-धमकाने और पुलिस केस में फंसाने की धमकी देने लगीं। मामला बढ़ता देख लड़कियों का पूरा गु्रप ऑटो पकड़कर फरार हो गया। युवक ने बताया कि लड़की उनसे घर जाने के नाम पर पैसा देने को कहा। जब घर वालों से बात कराने को कहा तो वे लोग बदतमीजी करने लगीं। मैने वीडियो बनाना शुरु किया तो मुझे छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी देने लगी।

गुजरात की लड़कियों का है गिरोह

जमशेदपुर में एक युवक ने लड़कियों के इस गैंग को ऑनलाइन पेमेंट किया। इसमें उस लड़की का मोबाइल नंबर था जो गुजरात का बता रहा था। डीजे-आई नेक्स्ट ने जब उस नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो पूरा रिंग होने के बावजूद दूसरी ओर से किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इससे यह पता चलता है कि लड़कियों का यह गैंग गुजरात का हो सकता है, जो यहां आकर पैसों की ठगी कर रहा है।

अभी तक किसी ने शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलती है और मामला अगर सत्य पाया जाता है, तो पुलिस इस गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

-एसके झा, एसएसपी रांची