RANCHI:राजधानी रांची में पुलिस अफसर बनकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। शुक्रवार को लालपुर सब्जी बाजार में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसा देकर उनके दो सोने के कंगन ठग लिये। कंगन की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। महिला ने दोनों हाथों में सोने के कंगन पहन रखे थे। तीन से चार अपराधियों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।

क्या है मामला

बताया जा रहा है कि लालपुर की रहने वाली बुजुर्ग महिला रोपनी साहू शुक्रवार को पति के साथ सब्जी खरीदने लालपुर सब्जी बाजार पहुंची थी। इसी बीच एक युवक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचा और उसने बताया कि आगे अपराधी लूटपाट कर रहे हैं। इसलिए चे¨कग चलाई जा रही है। आप अपने सारे गहने खोल लीजिए नहीं तो वे लोग लूट लेंगे। हम लोग पुलिस वाले हैं आप को बचाने के लिए आए हैं। युवक की बात सुन महिला झांसे में आ गई और अपने सोने के दो कंगन व कुछ अन्य गहने खोलकर उसे दे दिए। थोड़ी देर बाद फर्जी पुलिसकर्मी बने युवक ने बुजुर्ग महिला को रूमाल में बंधा हुआ गहना वापस कर दिया और बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गया। महिला ने जब रूमाल खोला तो उसमें नकली गहने मिले। पीडि़त महिला के पति नेवी से रिटायर्ड हैं।

हाथ में तेल लगा निकाल लिया कंगन

बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके दोनों हाथ में सोने के कंगन थे। कंगन आसानी से नहीं निकल रहे थे तो फर्जी पुलिसकर्मी बने ठग ने अपने पास से तेल की एक छोटी शीशी निकाली और हाथ में लगाकर दोनों कंगन खोल लिये। जब तक उन्हें यह समझ में आता कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। नकली गहनों की पोटली थमाने के बाद ठग भी वहां से फरार हो गया। उसके बाद में वह पति के साथ लालपुर थाना पहुंचीं और मामला दर्ज करवाया।

सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग

पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज में अपराधी देखे गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गिरोह राजधानी में अलग-अलग समय पर अचानक सक्रिय हो जाता है। इस वारदात में जो अपराधी शामिल थे, वही अपराधी कोतवाली, ओरमांझी और पंडरा इलाके में हुई गहनों की लूट की घटनाओं में भी शामिल थे। चार से पांच अपराधियों का एक गैंग रेकी के बाद महिलाओं को शिकार बनाता है। पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है।

इधर, ऑटोवाले ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

कांटाटोली चौक पर एक टेम्पो में सामान छोड़कर महिला उतर गई। टेम्पो चला गया। महिला परेशान हो गई। कुछ समय बाद टेम्पो ड्राइवर राजेन्द्र ने कांटाटोली चौक के पास ट्रैफिक पुलिस को बताया कि किसी का सामान उसके टेम्पो में छूट गया है। थोड़ी देर में वो महिला परेशान हालात में दिखी। उससे पूछकर उसका समान सुरक्षित वापस कर दिया।