- 62 स्टूडेंट में 40 ग‌र्ल्स को मिला गोल्ड मेडल

- ऑनलाइन आयोजित हुआ आरयू का दीक्षांत समारोह

रांची यूनिवर्सिटी के लीगल स्टडीज डिपार्टमेंट कैंपस में स्टूडेंट काफी उत्साहित नजर आ रहे थे। ग‌र्ल्स और ब्वायज सभी के चेहरे पर रौनक थी। मौका था यूनिवर्सिटी के 34वें दीक्षांत समारोह का, जिसमें गोल्ड मेडलिस्ट को डिग्री और मेडल प्रदान किया गया है। 50 परसेंट से अधिक बेटियों ने गोल्ड मेडल हासिल किया। इस कन्वोकेशन में बेटियों पर सोने की बरसात हुई। कुल 62 स्टूडेंट को डिग्री-मेडल दिया गया, जिसमें 40 लड़कियों ने बाजी मारी। डिफरेंट सब्जेक्ट में स्टूडेंटस ने सफलता हासिल की। कोविड-19 की वजह से पहली बार ऑनलाइन कन्वोकेशन का आयोजन हुआ। कोरोना के खतरे को देखते हुए स्टूडेंट्स को सात अलग-अलग जगहों पर डिग्री दी गयी। तय कार्यक्रम के अनुसार डीन ऑफिस में फिलॉसफी, संस्कृत और उर्दू के 08, बॉटनी डिपार्टमेंट में बॉटनी, केमिस्ट्री, जियोलोजी, मैथ्स, फिजिक्स और जूलॉजी के 18 स्टूडेंट्स, फिजिक्स विभाग में कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, ज्योग्राफी और होम साइंस के 16 स्टूडेंट्स को डिग्री दी गई है। वहीं टीआरएल विभाग में टीआरएल के 18 स्टूडेंट्स को डिग्री दी गयी। इंग्लिश डिपार्टमेंट में इंग्लिश, हिंदी और बांग्ला विषय के स्टूडेंट्स को उपाधि मिली। इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ स्टडीज के स्मार्ट क्लास में पॉलिटिकल साइंस, साइकोलोजी, सोशियोलोजी और एन्थ्रोपोलोजी के 17 स्टूडेंट्स ने डिग्री ली। ये सभी पीएचडी डिग्रीधारी हैं। वहीं इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ स्टडीज के हॉल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमे 62 गोल्ड मेडलिस्ट को डिग्री मेडल प्रदान किया गया। सभी गोल्ड मेडलिस्ट को वीसी डॉ रमेश कुमार पांडेय, प्रो वीसी डॉ कामिनी कुमार के हाथों मेडल और सर्टिफिकेट दिया गया। वीसी रमेश पांडेय ने सभी सक्सेसफुल स्टूडेंट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ऑनलाइन शामिल हुई राज्यपाल

रांची यूनिवर्सिटी के कन्वोकेशन का आयोजन सीमित संख्या में लोगों के साथ हुआ। कार्यक्रम की चीफ गेस्ट गर्वनर द्रौपदी मुर्मू इस दीक्षांत समारोह में ऑनलाइन शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि रांची विवि के 34वें दीक्षांत समारोह में दीक्षांत समारोह के दिन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान, उनके उमंग एवं उनके उत्साह को स्मरण करती हूं। लेकिन वर्तमान परिस्थिति में कोविड की वजह से इससे वंचित हूं। जिसका मुझे दुख है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत भूमि के उत्थान के लिए शिक्षा को व्यावहारिकता के साथ जोडने का क्रांतिकारी विचार दिया था। कार्यक्रम में प्रभारी कुलसचिव डॉ मुकुन्द चंद्र मेहता, सीनेट एवं सिंडिकेट के सदस्यगण व शिक्षाविद मौजूद थे।

नई शिक्षा नीति बेहतरीन

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि नई शिक्षा नीति की घोषणा हो चुकी है। इसमें मातृभाषा, नैतिकता एवं भारतीयता पर विशेष बल दिया गया है। यह शिक्षा नीति भारत को विश्व गुरू बनाने की दिशा में कारगर होगी। ऐसे में विवि समेत सभी शिक्षण संस्थानों के ऊपर दोहरी जिम्मेदारी आ गई है। बदलते समय के अनुसार वे भारत की शिक्षा-व्यवस्था के स्वरूप में गुणात्मक परिवर्तन करें और उच्च शिक्षा को सीधे विकासशील अर्थ-व्यवस्था के साथ जोड़ने का प्रयास करें।

डिग्री पाकर खिली मुस्कान

डिग्री पाकर सभी स्टूडेंट के चेहरे के मुस्कान झलकी। हर कोई अपने अनुभव शेयर कर रहा था। तो वहीं कई स्टूडेंट इस पल को कैमरे में हमेशा के लिए कैद कर लेना चाहते थे। गोल्ड मेडल लेने के बाद स्टूडेंट ने डीजे आईनेक्स्ट के साथ अपने एक्सपीरियंस साझा किए।

काफी अच्छा लग रहा था। मैं आगे अपने करियर को नई उड़ान देने को तैयार हूं। मैं झालदा की रहने वाली हूं और मैंने इंग्लिश सब्जेक्ट में एमए किया है। गोल्ड मेडलिस्ट होना मेरे लिए काफी सुखद अनुभव रहा।

रितीका चंद्रा

टॉपर होना तो सभी स्टूडेंट का सपना होता है। सही दिशा में मेहनत करने से हर सपना पूरा हो सकता है। मैं चतरा की रहने वाली हूं। मैने सोशियोलॉजी से एमए किया। गोल्ड मेडल मिलने पर काफी खुशी हो रही है।

आंकाक्षा शर्मा

मुझे म्यूजिक में इंटरेस्ट है। इसलिए मैंने मास्टर की स्टडी के लिए म्यूजिक सब्जेक्ट को ही चुना। टॉपर होने पर काफी अच्छा फील कर रही हूं। आगे भी मेहनत से अपने सपने को पूरा करुंगी।

सुपर्णा बरुआ

मैंने फिलॉस्फी में मास्टर किया। सच्चे मन से और सही दिशा में मेहनत करने पर कामयाबी जरूर मिलती है। मैं दूसरे स्टूडेंट से भी कहुंगी, वे अपना पढ़ाई पूरी ईमानदारी से करें। सफलता जरूर मिलेगी।

पूजा कुमारी

मैंने पढ़ाई से कभी कोई समझौता नहीं किया। समय निकाल कर अपने सब्जेक्ट के सिलेबस खत्म किए। मेरी रूचि पॉलिटिकल सांइस में थी, इसलिए मैंने इसे ही अपना सब्जेक्ट चुना।

अरीबा नाज

जब मेहनत रंग लाती है, तो काफी खुशी मिलती है। टॉपर होने के बाद मैं बहुत खुश हूं। मेरे फैमिली वालों ने काफी सपोर्ट किया है। मैं पूर्णिया की रहने वाली हूं। मैंने इकोनोमिक्स में एमए किया है।

आंकाक्षा सिन्हा

मुझे थिएटर काफी पसंद है। मैंने आर्ट्स से ही एमए किया और इसमें मैंने थिएटर को ही अपना सब्जेक्ट चुना। टॉपर होने के बाद काफी खुशी हो रही है। आगे भी मेहनत करता रहूंगा।

रवि प्रकाश तिवारी