रांची: सब्जी और ग्रॉसरी लेने के लिए अब आपको बाजार जाने की जरूरत नहीं है। वेजिगो के माध्यम से जल्द ही फ्रेश वेजिटेबल एवं ग्रॉसरी आइटम अब आपके घरों तक पहुंचने लगेगा। वेजिगो और जिला प्रशासन के सहयोग से यह प्रयास शुरू किया जा रहा है। दो सितंबर से यह सेवा शुरू हो जाएगी। इस सेवा के माध्यम से अपने घर तक मनपसंद सब्जियां मंगा सकेंगे। सब्जियों के अलावा राशन सामग्री के लिए भी आर्डर किया जा सकता है। इस सेवा के शुरू होने के बाद बाजार जाकर भीड़ में खडे़ होकर सब्जी खरीदने से निजात मिल जाएगी। कोरोना काल में लोग घरों से कम ही निकलना चाहते हैं। इसे देखते हुए यह सर्विस शहरवासियों के लिए काफी कारगर हो सकती है। चार लोगों की टीम ने स्टार्टअप के तौर पर इस सर्विस को शुरू किया है। टीम में इंजीनियर, पीएचडी एवं एग्रीकल्चर से जुडे़ लोग शामिल हैं।

ऑनलाइन कर सकेंगे ऑर्डर

यह सर्विस पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। वेजिगो नामक ऐप लांच किया गया है। उस ऐप को अपने मोबाइल पर प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड करना है। इसके बाद मांगी गई सभी जानकारी देनी है। फिर ऑनलाइन सब्जी कभी भी ऑर्डर कर सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप भी कर सकते हैं। वेजिगो की टीम डायरेक्ट किसानों से संपर्क कर उनकी सब्जियों को खरीदेगी और फिर सिटी में लाकर ऑर्डर के आधार पर वेजिटेबल की डिलीवरी करेगी। अभिषेक आनंद ने बताया कि सब्जियों की शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जाएगा। घर तक पहुंचने वाली सब्जी पूरी तरह से हाइजेनिक होगी। किसानों से लेने के बाद इसे अच्छी तरह से साफ किया जाएगा। फिर पैकेजिंग कर होम डिलीवरी की जाएगी। सब्जी आपको मार्केट प्राइस पर ही मिलेगी। लेकिन होम डिलीवरी के लिए दो तरह का चार्ज निर्धारित किया गया है। यदि 45 मिनट के अंदर सर्विस चाहिए तो इसके लिए 30 और किसी भी वक्त डिलीवरी के लिए 20 रुपए डिलीवरी शुल्क लिया जाएगा।

किसानों को भी फायदा

वेजिगो के सदस्यों ने बताया कि इस सर्विस से किसानों को भी काफी फायदा होगा, जो किसान अपनी सब्जी लेकर शहर नहीं आ पाते हैं। उनकी सब्जी खरीदने वेजिगो की टीम उनके पास जाएगी। किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिलेगा, जिससे उनकी भी स्थिति में सुधार आएगा। वहीं होम डिलीवरी के लिए डिलीवरी ब्वाय नियुक्त होंगे, जिससे युवाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

कॉलोनियों में बनेंगे काउंटर

होम डिलीवरी के साथ ही भविष्य में सब्जियों और फलों के कांउटर भी लगाए जाएंगे। वेजिगो के संचालक विकास कुमार ने बताया कि डोर टू डोर सर्विस तो दी जाएगी। साथ ही सिटी में 50 लोकेशन को चिन्हित किया गया, जहां कांउटर लगाकर लोगों तक फ्रेश सब्जियां पहुंचाई जाएंगी।