रांची (ब्यूरो)। सिमडेगा में आयोजित 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को हॉकी झारखंड और हॉकी हरियाणा के बीच खेला गया। इसमें रोमांचक मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने मेजबान झारखंड को 3-2 गोल से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम कर लिया। झारखंड टीम को पहले गोल कर बढ़त मिली, लेकिन इस बढ़त को कायम नहीं बना पाई और 2-3 से मैच हारकर उपविजेता से ही संतुष्ट होना पड़ा।

महाराष्ट्र को कांस्य

इससे पहले कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी चंडीगढ़ को एकतरफा मुकाबले में 6-2 से पराजित कर पहली बार कांस्य पदक जीतने में सफल रही। फाइनल मुकाबले में विजेता हरियाणा की ओर से 9वें और 19वें मिनट में नीलम ने और 21वें मिनट एक गोल किया गया। झारखंड टीम की ओर से पांचवें मिनट में दीपिका सोरेंग ने और 39वें मिनट में रोपनी कुमारी ने गोल किया।

मंत्री ने पहनाया मेडल

फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रुप में झारखंड सरकार के खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, सिमडेगा विधायक भूषण बड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन विकसल कोंगडी, उपायुक्त सिमडेगा सुशांत गौरव, पुलिस अधीक्षक डॉ शम्स तबरेज, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, उप विकास आयुक्त अरुण वाल्टर सांगा, पूर्व विधायक बिमला प्रधान, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद, सीईओ रजनीश कुमार, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर मैच प्रारंभ कराया। मैच समाप्ति के बाद मुख्य अतिथि मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने स्वर्ण पदक विजेता हरियाणा, रजत पदक विजेता झारखंड और कांस्य पदक विजेता महाराष्ट्र टीम को ट्रॉफी तथा सभी खिलाडिय़ों को मेडल देकर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने जिला प्रशासन सिमडेगा के सभी पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन सिमडेगा के सभी पदाधिकारी, हॉकी झारखंड और हॉकी सिमडेगा के सभी छोटे बड़े पदाधिकारी और कर्मचारी दिन रात जुटे थे।