रांची (ब्यूरो)। राजधानी रांची को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। धुर्वा में जहां एक ओर नई रांची बसाई जा रही है वहीं सिटी में कई डेवलपिंग वर्क हो रहे हैं। इसी दिशा में अब हटिया रेलवे स्टेशन को भी स्मार्ट और मॉडल रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। दरअसल, हटिया स्टेशन लोगों को अब बहुत जल्द नए रंग रूप में नजर आएगा। इसकी कवायद शुरू कर दी गई है। यानी झारखंड की राजधानी रांची का हटिया रेलवे स्टेशन बहुत जल्द मॉडल स्टेशन बनने वाला है। 355 करोड़ की लागत से हटिया रेलवे स्टेशन को नए कलेवर के साथ तैयार किया जाएगा। हटिया के अलावा पिस्का रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प करने का निर्णय लिया गया है। इस पर 27 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह अगस्त को दिल्ली से ऑनलाइन इन दोनों प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे।

बनेगा मेन जंक्शन

हटिया रेलवे स्टेशन राजधानी रांची का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यह भारतीय रेलवे के दक्षिण पूर्वी रेलवे जोन से संबद्ध है। यह स्टेशन देश के अधिकतर प्रमुख शहरों से रेलवे नेटवर्क से जुड़ा है। हटिया स्टेशन, रांची-राउरकेला रेलवे खंड पर है। हटिया स्टेशन को स्मार्ट सिटी रांची के मेन जंक्शन के रूप में भी विकसित किया जाना है। इसलिए केन्द्र सरकार द्वारा यह कदम उठाया गया है। रेलवे के अधिकारी ने बताया है कि हटिया स्टेशन से स्मार्ट सिटी को जोडऩे का प्रस्ताव है। इसके लिए स्टेशन से स्मार्ट सिटी की ओर सेकेंड एंट्री गेट बनाया जाएगा। एचईसी प्रबंधन से इसके लिए 4 एकड़ जमीन मांगी गई है। इसको लेकर एचईसी नगर प्रशासन विभाग के अधिकारियों के साथ पिछले दिनों बैठक भी हुई थी, जिसमें हटिया रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में डेवलप करने पर भी चर्चा हुई थी।

यार्ड से स्टेशन तक होगा डेवलप

जानकारी के मुताबिक, स्मार्ट सिटी के पीछे हटिया रेलवे यार्ड से स्टेशन तक का एरिया डेवलप किया जाएगा। यार्ड तक प्लेटफार्म भी बनाए जाएंगे, जिससे स्टेशन आने जाने वाले लोगों को एक नया रास्ता मिलेगा। स्मार्ट सिटी स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क को भी तैयार किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एस्केलेटर व फुट ओवरब्रिज का भी निर्माण कराने का प्रस्ताव है। स्टेशन के चारों ओर सोलर पैनल के साथ एलईडी लाइट भी लगाई जाएगी। एचईसी प्रबंधन की ओर से रेलवे को जमीन देने का प्रस्ताव को भारी उद्योग मंत्रालय के पास भेजा गया था। यहां से हरी झंडी दे दी गई है। अब जल्द ही इस दिशा में काम भी शुरू हो जाएगा।

प्लेटफार्म व एफओबी का भी निर्माण

हटिया स्टेशन के दक्षिण छोर में सेकेंड एंट्री गेट स्मार्ट सिटी की ओर बनाने की योजना है। वहां एफओबी का भी निर्माण किया जाएगा। इससे स्मार्ट सिटी धुर्वा व हटिया में रहने वाले लोगों को स्टेशन आने में सुविधा होगी। हटिया स्टेशन के यार्ड विस्तार को लेकर प्लेटफार्म संख्या 4 व 5 का भी निर्माण किया जाएगा। हटिया कई ट्रेनों के लिए एक टर्मिनल स्टेशन है। यहां कई विद्युतीकृत और साथ ही डीजल स्थानीय, हटिया/रांची से देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए लगातार अंतराल पर ट्रेनें भी चलती हैं। यह रेलवे स्टेशन भारत के अधिकतर प्रमुख शहरों से रेलवे नेटवर्क द्वारा जुड़ा हुआ है।

पर्यटन को मिलेगा विस्तार

हटिया स्टेशन के डेवलप होने पर पर्यटन की दिशा में भी विस्तार होने की उम्मीद है। वहीं इससे स्थानीय निवासियों को भी रोजगार का फायदा मिलेगा। इतना ही नहीं, इससे भारतीय रेलवे और राज्य की कमाई में भी बढ़ोतरी होगी। रांची और आसपास में कई पर्यटन स्थल है, जहां हटिया स्टेशन से आसानी से जाया जा सकता है। इसके अलावा रांची एयरपोर्ट भी बगल में ही है। हटिया के साथ-साथ रांची रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण पर भी काम हो रहा है। कई आधुनिक सुविधाएं दोनों रेलवे स्टेशन पर मौजूद होंगी। आने वाले दिनों में यात्रियों को रांची और हटिया रेलवे स्टेशन का अलग रूप देखने को मिलेगा।