- हेमंत लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

- कांग्रेस कोटे से रामेश्वर उरांव भी लेंगे मंत्री पद की शपथ

- झामुमो कोटे से प्रो स्टीफन मरांडी के नाम पर मंथन

- खरमास के बाद होगा कैबिनेट विस्तार

रांची (ब्यूरो)। झारखंड के 11वें चीफ मिनिस्टर के रूप में हेमंत सोरेन रविवार को रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में शपथ लेंगे। उनके साथ दो विधायक भी शपथ लेंगे। कांग्रेस कोटे से डॉ रामेश्वर उरांव के मंत्री बनने की पुष्टि पार्टी के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कर दी। हालांकि, झामुमो कोटे से प्रो स्टीफन मरांडी को शपथ दिलाने के मसले पर पार्टी में देर रात तक मंथन होता रहा। हेमंत कैबिनेट में कुल 12 मंत्री शामिल होंगे, लेकिन कैबिनेट का विस्तार खरमास के बाद होगा।

फार्मूला तय पर नाम नहीं
मंत्रिमंडल के आकार और सरकार में शामिल दलों के बीच मंत्रीपद बांटे जाने का फार्मूला लगभग तय हो चुका है। लेकिन, दावेदारों की लंबी लिस्ट के कारण अंतिम समय तक नाम तय नहीं हो पाया। कांग्रेस से पांच, झामुमो से छह और राजद से एक विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के फॉर्मूले पर महागठबंधन के दल तैयार हैं। झारखंड विकास मोर्चा के तीन विधायकों और अन्य निर्दलीय विधायकों का समर्थन इस सरकार को अलग से है। हालांकि, गठबंधन के अलावा दूसरे दलों की ओर से जिन्होंने बिना शर्त समर्थन दिया है, उनमें से किसी को कैबिनेट में शामिल नहीं किया जाएगा।

ममता पहुंचीं रांची, हेमंत ने की मुलाकात
शनिवार की शाम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विमान से रांची पहुंचीं। एयरपोर्ट पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने उनका स्वागत किया। वहीं करीब रात के नौ बजे हेमंत सोरेन ने होटल में उनसे मुलाकात की। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश भर से कई नेता रांची पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी समेत कांग्रेस एवं अन्य दलों के कई वरिष्ठ नेता रविवार को विमान से रांची पहुंचेंगे।

हेमंत का दूसरा कार्यकाल

मुख्यमंत्री बनने पर हेमंत सोरेन का यह दूसरा कार्यकाल होगा। इसके पूर्व भी वे एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके अलावा बाबूलाल मरांडी, मधु कोड़ा और रघुवर दास भी एक-एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जबकि शिबू सोरेन और अर्जुन मुंडा ने तीन-तीन बार सत्ता की बागडोर संभाली है। अब हेमंत सोरेन दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शपथ लेने के ठीक बाद वे मंत्रिमंडल की बैठक लेंगे, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुझे सिर्फ अपनी जानकारी, दूसरों की नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने मंत्रिमंडल में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है। फैसला आलाकमान को लेना है। यहां से अनुशंसा की बात भी नहीं है। उनका दो टूक जवाब था - प्रदेश प्रभारी ने फोन पर तैयार होने की जानकारी दी और इसके अलावा मुझे कुछ पता नहीं।

देश भर से विपक्षी नेताओं का हो रहा जुटान
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राहुल गांधी, पी चिदंबरम, प्रियंका गांधी, अहमद पटेल, शरद पवार के साथ बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, बसपा अध्यक्ष मायावती, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन, पूर्व राज्यसभा सदस्य शरद यादव, सांसद कनीमोझी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार, सांसद टीआर बालू आदि शामिल होंगे। वीआइपी अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डीजीपी कमल नयन चौबे ने बताया कि वीआइपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की श्रेणियां अलग-अलग हैं। इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

भगवा की जगह हरा रंग

मोरहाबादी मैदान में पूर्व के सरकारी समारोह में दिखने वाला भगवा रंग इस बार नहीं दिखेगा। अब चलन में हरा रंग है और इसी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर हुआ है। मैदान की घेराबंदी में सफेद और हरे रंग के कपड़े का उपयोग किया गया है।
ranchi@inext.co.in

National News inextlive from India News Desk