सिमडेगा: केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने हॉकी की नगरी सिमडेगा में जिला के विभिन्न खेल संघों के पदाधारियों के साथ बैठक की। केन्द्रीय मंत्री सह खूंटी सांसद अर्जुन मुंडा जिले के सभी खेल संघों के साथ बैठक कर हॉकी की नर्सरी सिमडेगा में हॉकी के साथ-साथ सभी खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कहा कि सिमडेगा हॉकी के ब्रांड के रूप में विकसित होगा। साथ ही यहां अन्य खेलों को भी बढ़ावा देते हुए उसके अनुकुल इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल तक पहुंच कर हॉकी ने फिर पुराने दिन को वापस लौटाने का भरोसा दिखाया है।

राज्य सरकार केंद्र को प्रस्ताव भेजे, पैसे मैं दिलवाऊंगा

2024 में हॉकी की बेहतरी के लिए सिमडेगा जिला क्या बेहतर कर सकता है, इसके लिए प्रयास किया जाए। भारत सरकार से इंफ्रास्ट्रक्चर हेतु जितने भी पैसे की जरूरत होगी राज्य सरकार प्रपोजल भेजे मैं उस दिशा में पैसा दिलाने का प्रयास करूंगा। सिमडेगा में खेल के प्रति विजन डेकोमेंट्स बननी चाहिए जिससे खिलाड़ी नेशनल- इंटरनेशनल स्तर तक पहुंच कर देश और राज्य का नाम रोशन करें। सभी खेल संघ कोर्डिनेशन बनाकर सिर्फ हॉकी ही नहीं, बल्कि सभी खेलों में सिमडेगा जिला आगे बढ़े उसका प्रयास हो।

पदाधिकारियों ने रखे विचार

मौके पर हॉकी संघ के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षक नहीं होने सहित कई मांगों को केंद्रीय मंत्री के पास रखा। उन्होंने जिला में उपलब्धि प्राप्त कई हॉकी, कुश्ती, तीरंदाजी, फुटबाल, एथलेटिक्स खेलों की संक्षिप्त जानकारी भी लिखित रूप में दी। साथ ही क्रिकेट एसोसिएशन के तौकीर उस्मानी एवं श्रीराम पूरी ने भी विभिन्न खेलों से संबंधित सुझाव रखे। मौके पर सिमडेगा उपायुक्त सुशांत गौरव, भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक, जिला प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री विमला प्रधान, सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव, सोशल मीडिया प्रभारी रवि गुप्ता सहित सभी खेल संघों के सदस्य मौजूद थे। हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने खेल संघ की ओर से मंत्री अर्जुन मुंडा को हॉकी स्टिक देकर स्वागत किया।