रांची(ब्यूरो)। रांची के लोगों को अब सुबह-सुबह घरों में ताजा मीट पहुंचाया जाएगा। स्लॉटर हाउस का संचालन करने वाली एजेंसी ने होली के बाद शहर में लोगों के घरों में मटन की होम डिलीवरी शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके साथ ही रांची के बूटी और मोरहाबादी में जल्द ही लोगों को हाइजीनिक मटन मिलेगा। स्लॉटर हाउस का संचालन करने वाली एजेंसी इन दोनों जगहों पर अपना आउटलेट खोलने की तैयारी कर रही है, जहां से लोगों को शुद्ध मटन हर दिन उपलब्ध होगा।

28 फरवरी से शुरू हुआ है

कई सालों से बनकर तैयार हुआ कांके का स्लॉटर हाउस पिछले महीने फरवरी में ही दोबारा शुरू हो गया है। अब यहां हर दिन खस्सी मटन के लिए काटा जा रहा है। महज नौ दिनों में करीब 160 खस्सी काटे जा चुके हैं। शहर के लोग और मटन विक्रेता 120 रुपए देकर यहां स्लॉटर हाउस में भी खस्सी कटवा सकते हैं। 3 घंटे के अंदर खस्सी का मीट तैयार कर ओनर को दे दिया जाएगा।

पांच साल से बंद था

रांची शहर के लोगों को हाइजेनिक मांस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कांके में नगर निगम द्वारा हाइटेक स्लॉटर हाउस का निर्माण किया गया है। यह पिछले पांच सालों से बंद था। फिर से इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। निगम की चयनित एजेंसी अर्श एंड अहलाम व माइक्रो ट्रांसमिशन सिस्टम द्वारा इसका संचालन किया जा रहा है।

120 रुपए में कटवा सकते हैं खस्सी

वधशाला में 100 रुपए देकर कोई भी बकरा व खस्सी कटवा सकते हैं। वध करने से पहले यहां संबंधित पशु की चिकित्सीय जांच की जाएगी। सब कुछ ठीक पाये जाने पर उसे काट पर संबंधित व्यक्ति को मांस सौंप दिया जाएगा। पांच एकड़ में फैले इस प्लांट में प्रतिदिन 1000 बकरा व खस्सी काटने की क्षमता है। यहां पर झटका व हलाल दोनों तरीके से पशु वध करने की सुविधा है। पशु वध से लेकर मांस निकालने की सारी प्रक्रिया यहां मशीन से होती है।

अत्याधुनिक मशीनें

रांची नगर निगम ने स्लॉटर हाउस वेटरीनरी कॉलेज कैंपस कांके में तैयार किया है। इसे बनाने में कुल 18 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। यह एक मॉडर्न स्लॉटर हाउस है। इसमें हाइजेनिक मांस तैयार करने के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। इसमें स्लॉटर लाइन मशीन, रेंडरिंग प्लांट, ट्रीटमेंट प्लांट लगाए गए हैं। इसकी मदद से आठ घंटे की एक शिफ्ट में एक हजार खस्सी का मीट तैयार किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यहां हलाल और झटका दोनों ही तरीके से वध करने की सुविधा है। तैयार मीट की मार्केट में सप्लाई के लिए दो रेफ्रिजरेटेड वैन भी खरीदी गई हैं।

बंद पड़े हैं सिटी के मॉडर्न मीट शॉप

इस नए नवेले स्लॉटर हाउस में कटे मीट को बेचने के लिए नगर निगम ने शहर में कई मॉडर्न मीट शॉप बनाए थे। लेकिन, अब ये भी बंद पड़े हुए हैं। कांके स्थित इस मॉडर्न स्लॉटर हाउस में खस्सी और बकरे की कटाई का कार्य जुलाई 2019 के पहले सप्ताह में शुरू कर दिया गया था। शुरुआत में करीब 20 खस्सी और बकरे के काटे जाने की बात कही गयी थी। काटे गये इस मीट को बाद में निगम द्वारा बने चार मॉडर्न मीट शॉप में भेजा जा रहा था, जहां से आम ग्राहक खरीदारी भी कर रहे थे। उक्त चार मॉडर्न मीट शॉप कांटाटोली, बूटी मोड़, मधुकम और मोरहाबादी में बनाए गए हैं, जो फिलहाल बंद पड़े हैं।

5 एकड़ में स्लॉटर हाउस

कांके में रांची नगर निगम द्वारा 5 एकड़ जमीन पर आधुनिक स्लॉटर हाउस बनाया गया है। इसका निर्माण कार्य 2012-13 में ही शुरू हुआ था। इसके चालू होने से शहर में अवैध तरीके से चल रहे बूचडख़ानों पर रोक लगाई जानी है, ताकि लोगों को हाइजेनिक तरीके से मीट उपलब्ध कराया जा सके।

खुद भी खस्सी लेकर आएं

आधुनिक स्लॉटर हाउस में जो इक्विपमेंट्स लगाए गए हैं, उसकी 1000 खस्सी काटने की क्षमता हर दिन है। इसके शुरू होने से शहर के लोगों को साफ -सुथरा और हाइजीनिक मीट मिल रहा है। यह राजधानी के लोगों के लिए पहला और अनोखा अनुभव है। यहां खुद से भी खस्सी लाकर कटवा सकते हैं। रांची नगर निगम के इस आधुनिक स्लॉटर हाउस में आम लोग अपने पशु को लाकर कटवा सकते हैं। यहां लोगों के आग्रह पर पशु को हलाल और झटका दोनों विधि से काटने की सुविधा उपलब्ध है। एक बार खस्सी के पहुंचने पर उसमें मोहर लगाया जाएगा। फि र उसे काट कर उसके मीट की पैकेजिंग कर लेने वाले को दे दी जाएगी।

रांची में 600 मटन शॉप हैं

रांची में 600 से अधिक मटन शॉप हैं, जो अपनी दुकान में बकरा काट कर बेचते हैं। वर्तमान में शहर में जो मीट शॉप हैं वहां बेहतर और हाइजीन व्यवस्था नहीं है। नगर निगम का कहना है कि दुकान में बिकने वाला मांस शुद्ध नहीं है, जबकि स्लॉटर हाउस में जानवरों के वध से पहले पशु डॉक्टर उसकी जांच करेंगे, इसके बाद वैज्ञानिक तरीके से जानवर को काटा जाएगा।