रांची (ब्यूरो)। गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी में श्री गुरुगोविंद सिंहजी के 356वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को सुबह 10 बजे से विशेष दीवान सजाया गया। शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल द्वारा रहनी रहे सो ही सिख मेरा ओ साहिब मैं उसका चेरा, सबना का मां प्यो आप है कीर्तन से हुई। इसके बाद गुरुद्वारा के भाई सूरज सिंहजी द्वारा जिन प्रेम किओ तिन ही प्रभ पायो, चरण चलो चरण चलो चलो मारग गोविंदशबद गायन किया गया। विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे सिख पंथ के महान कीर्तनी जत्था भाई राजेन्दर सिंहजी जालंधर वाले ने वह प्रगटिओ पुरुख भगवंत रूप, गुरु गोविंद सूरा, तहीं परकाश हमारा भयो पटना शहर विखे भव लयो, चित ना भयो हमरो आवन कहु चुभी रही सुति प्रभ चरनन मह, मेरी मति बऊरी मैं राम विसारिओ किन बिध रहन रहऊजैसे एक के बाद एक कई गायन कर साध संगत को गुरुवाणी से जोड़ा।

धर्म के लिए उठाया शस्त्र

गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंहजी ने कथावाचन कर गुरुगोविंद सिंहजी की जीवनी के बारे में साध संगत को बताते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंहजी मूलत: धर्मगुरु थे, लेकिन सत्य और न्याय की रक्षा व धर्म की स्थापना के लिए उन्हें शस्त्र धारण करना पड़ा। गुरुजी के परदादा गुरु अर्जुन देवजी की शहादत, दादा गुरु हरगोविंदजी द्वारा किए गए युद्ध, पिता गुरु तेगबहादुरजी की शहीदी, दो पुत्रों का चमकौर के युद्ध में शहीद होना, दो पुत्रों को जिंदा दीवार में चुनवा दिया जाना, वीरता व बलिदान की विलक्षण मिसालें हैं।

अटूट लंगर चला

ज्ञानी जिवेंदर सिंहजी ने वाहेगुरू से अरदास की। हुक्मनामा एवं कड़ाह प्रसाद वितरण के साथ दीवान की समाप्ति दोपहर 3 बजे हुई। सभा के अध्यक्ष द्वारका दास मुंजाल ने भाई राजेन्दर सिंहजी एवं साथियों को गुरुघर का सरोपा देकर नवाजा। सत्संग सभा के सचिव अर्जुन देव मिढा ने साध संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी तथा आयोजन की सफलता में विशेष भागीदारी निभाने वाली स्त्री सत्संग सभा, माता गुजरी जत्था, लंगर कमिटी, जोड़ा सेवा कमिटी, गुरुनानक भवन कमिटी, गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल कमिटी, मीडिया प्रभारी समेत सभी सेवादारों का धन्यवाद किया तथा संगत से इसी तरह गुरुघर से जुड़े रहने का आह्वान किया। मंच संचालन मनीष मिढा ने किया। सभा द्वारा दीवान समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर चलाया गया। गुरुघर के सेवक पवनजीत सिंह द्वारा कार्यक्रम का यूट्यूब के चैनल मेरे साहिब पर सीधा प्रसारण किया गया। वहीं, लायंस क्लब ऑफ ईस्ट के प्रेसिडेंट रतन अग्रवाल को मोतियाबिंद का नि:शुल्क ऑपेरशन की व्यवस्था कराने के लिए गुरु घर का सरोपा देकर सम्मानित किया गया।