रांची (ब्यूरो) । असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिश्व सरमा ने 15 मई को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार 400 से अधिक सीट लाकर नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री का शपथ ग्रहण करेंगे। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने मुद्दा उठाया कि 400 सीट क्यों। पूरा ईको सिस्टम बहस कर रहा है कि 400 पार नहीं होगा, 399 में उन्हें कोई शक नहीं है। 2 सीट आम जनता दे देगी। शर्मा ने कहा कि 300 सीट आने पर भाजपा ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया। इस बार 400 पार आने पर मथुरा और काशी में भी मंदिर का निर्माण होगा। वर्ष 2047 तक देश विकसित बन जाएगा। इसकी पहल हो चुकी है। 2029 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत में चुनाव विकास के साथ अस्मिता के लिए भी लड़ा जाता है।

राम मंदिर पर चर्चा होगी

सरमा ने कहा कि कांग्रेस पीओके को भूल चुकी है। भारतीय जनता पार्टी का मानना है पाकिस्तान के पास कोई कश्मीर नहीं होना चाहिए। मोदी सरकार ने कश्मीर में सीटों का परिसीमन किया है। इसमें पीओके के लिए भी विधायकों का प्रावधान रखा गया है। वहां से भी विधायक होंगे। इस बार 400 सीट आते ही पीओके भारत का अंग बन जाएगा। असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में एक कानून बना। उसमें कहा गया है कि राम मंदिर पर चर्चा होगी। काशी और मथुरा पर चर्चा नहीं हो सकती है। यह कानून भगवान के जन्मभूमि में मंदिर की अनुमति नहीं देता है।

यूसीसी लाना होगा

उन्होंने कहा कि देश में धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था लागू है। इसके तहत देश में कोई पर्सनल लॉ नहीं हो सकता है। मुसलमान शरिया मानते हैं। देश का कानून इसकी इजाजत देता है। वह बाल विवाह करते हैं। चार शादी करते हैं। बाप की संपत्ति में बेटी को अधिकार नहीं देते। इसमें सुधार के लिए यूसीसी लाना होगा। यह काम 400 सीट पर होने पर मोदी सरकार करेगी। मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद भी मौजूद थे।