रांची(ब्यूरो)। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट में सफ र करने वाले यात्रियों के लिए गुड न्यूज है। उन्हें फ्लाइट का सस्ता टिकट मिल रहा है। एयरलाइन ने विमान ईंधन फ्यूल की कीमतों में कमी के बाद टिकटों पर ईंधन शुल्क नहीं लेने का घोषणा की है। इसमें इंडिगो के यात्रियों को दूरी के हिसाब से एक हजार रुपए तक कम किराया देना पड़ रहा है। राजधानी रांची से अलग-अलग शहरों के लिए इंडिगो की 21 फ्लाइट्स हर दिन उड़ान भरती हैं। रांची से पटना, बेंगलुरु, कोलकाता, भुवनेश्वर, हैदराबाद, लखनऊ, मुंबई, गोवा, चेन्नई और दिल्ली के लिए फ्लाइट्स हैं।

दूरी के हिसाब से किराया कम

रांची से पटना, भुवनेश्वर और कोलकाता आने जाने वाले यात्रियों को 500 किलोमीटर से काम की यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में उन्हें 300 रुपए तक टिकट सस्ता मिल रहा है। वहीं रांची से हैदराबाद, लखनऊ और दिल्ली आने जाने वाले यात्रियों को 501 से 1000 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, इसलिए 400 रुपए तक टिकट सस्ता मिल रहा है। रांची से चेन्नई, गोवा, अहमदाबाद, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली यात्रियों को 1100 से 1500 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, इसलिए 550 रुपए तक टिकट सस्ता मिल रहा है।

क्यों सस्ता हुआ टिकट

एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने विमान ईंधन की कीमतों में कमी के बाद लोगों से फ्यूल चार्ज वसूलना बंद करने का ऐलान किया है। इससे हवाई यात्रा करने वालों को राहत मिलेगी और टिकट सस्ते हो गए हैं। लंबी दूरी तक यात्रा करने वालों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है।

कितना सस्ता हुआ टिकट

अब अगर टिकट की कीमतों की बात करें तो जो टिकट दिल्ली से रांची जाने के लिए करीब चार हजार रुपए में मिलता है। अभी वह 3700 रुपए में मिल रहा है। अब उड़ान की दूरी की बात करें तो दूरी 500 किलोमीटर तक हो तो हर यात्री को 300 रुपए, 501-1000 किलोमीटर की दूरी वाले टिकट पर 400 रुपए, 1,001-1,500 किलोमीटर तक 550 रुपए, 1501-2500 किलोमीटर की दूरी वाले टिकट पर 650 रुपए और 2,501-3,500 किलोमीटर की दूरी की यात्रा पर 800 रुपए तक बच जाएंगे। वहीं 3,501 किलोमीटर और उससे ज्यादा की दूरी के लिए टिकट लेने वाले लोग एक हजार रुपये तक बचा लेंगे।

6-7 हजार पैसेंजर्स

रांची एयरपोर्ट पर इन दिनों यात्रियों की संख्या में और फ्लाइट की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रांची एयरपोर्ट से छह हजार से सात हजार यात्री एक दिन में अलग-अलग शहरों के लिए यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। फेस्टिव सीजन में तो इस एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या हर दिन आठ हजार से अधिक हो जाती है।

8300 यात्रियों ने भरी उड़ान

पिछले साल अगस्त महीने में रांची एयरपोर्ट से एक दिन में 8300 यात्रियों ने सफ र किया है। 27 अगस्त को 50 उड़ानों में 8034 यात्रियों ने सफ र किया। वहीं 26 अगस्त को भी 52 फ्लाइट्स में 8361 यात्रियों ने सफ र किया है। यह उड़ानें घरेलू यात्रियों के लिए थीं। वैसे सात हजार के करीब यात्री रोजाना सफर कर रहे हैं। रांची एयरपोर्ट पर सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है।

30-35 फ्लाइट्स डेली

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हर दिन एवरेज 30 से 35 फ्लाइट्स उड़ान भर रही हैं। कई शहरों के लिए हर दिन छह से सात हजार यात्री सफ र कर रहे हैं। रांची एयरपोर्ट से वर्तमान में एयर इंडिया, इंडिगो, गो एयरवेज, एयर एशिया व विस्तारा एयरलाइंस समेत कुल 35 विमान उड़ान भरते हैं। रांची से सीधी विमान सेवा का लाभ शहरवासियों को मिल रहा है। दिल्ली, पटना, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई, हैदरबाद, भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद के लिए रांची एयरपोर्ट से सीधी विमान सेवा उपलब्ध है।