रांची(ब्यूरो)। सिटी में सेक्स का धंधा फलता-फूलता जा रहा है। दूसरे राज्यों और दूसरे देशों की लड़कियों को रांची लाकर उनसे इस तरह के काम करवाए जा रहे हैं। इस तरह के इल्लीगल काम का लगातार खुलासा हो रहा है। अभी स्पा में सेक्स रैकेट का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि ब्यूटी पार्लर की आड़ में गलत काम कर रही तीन लड़कियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ये सभी लड़कियां बांग्लादेश की हैं जो सिटी के ब्यूटी पार्लर और बार में डांस किया करती थीं। इन्हें रांची में काम देने के बहाने लाया गया था, लेकिन अब इनसे गलत काम कराया जाने लगा है। वहीं, कुछ दिनों पहले बैंबू स्पा में थाईलैंड और नेपाल की लड़कियों द्वारा देह व्यापार करवाए जाने का भी खुलासा हुआ था। लगातार इस तरह के मामले सामने आने से रांची की छवि धूमिल हो रही है।

भागकर पहुंचीं थाना

बांग्लादेश की रहने वाली तीन लड़कियां जिस्म के सौदागरों के चंगुल से भागकर खुद ही रांची पुलिस की पनाह में पहुंचीं। तीनों लड़कियां बिना वीजा पासपोर्ट के भारत पहुंची हैं और रांची में आकर सेक्स रैकेट के जाल में फंस गईं। लड़कियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें जॉब देने का लालच देकर रांची लाया गया था। तीन बांग्लादेशी और पश्चिम बंगाल की एक लड़की को बरियातू स्थित बाली रिसॉर्ट में बंधक बनाकर रखा गया था, क्योंकि लड़कियां सेक्स वर्कर्स का काम करने से इन्कार कर रही थीं। इन पर अनैतिक सेक्स करने का भी दबाव डाला जा रहा था। इनमें से एक लड़की किसी तरह रिसॉर्ट की छत से कूद कर भागी और थाना पहुंच गई। थाना पहुंचकर उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस की सहायता से सेक्स रैकेट चलाने वालों के चंगुल से सभी को बचा लिया गया है।

पुलिस को सरगना मनीषा की तलाश

लड़कियों को बाहर से रांची लाकर उन्हें सेक्स रैकेट में ढकलने की मास्टर माइंड कोलकाता की रहने वाली मनीषा रॉय है। पुलिस इस युवती की तलाश कर रही है। इनके चंगुल से छुड़ाई लड़कियों ने बताया कि तीनों को बांग्लादेश बॉर्डर पर लगे बाड़ के नीचे से चोरी-छिपे भारत लाया गया था। उनके पास ना पासपोर्ट है और न वीजा है। पूछताछ में तीनों लड़कियों ने खुलासा किया है कि वह सभी बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास स्थित चटगांव की रहने वाली हैं। इन्हें प्रलोभन दिया गया था कि भारत में उन्हें बेहतर नौकरी दी जाएगी। ढाका के रहने वाले अनवर नामक एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर चोरी छुपे बांग्लादेश बॉर्डर पार करवा कर तीनों को कोलकाता पहुंचा दिया। इसके बाद मनीषा राय सभी लड़कियों को नौकरी देने के बहाने कोलकाता से रांची ले आई।

दो महीने में कई चौंकाने वाले खुलासे

बीते दो महीने से लगातार सेक्स रैकेट के धंधे का पुलिस खुलासा कर रही है। दो महीने पहले सेक्स रैकेट के एक खुलासे ने सभी को चौंका दिया था। धंधेबाजों ने ऐसा जाल फैला रखा था कि कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। सेक्स रैकेट चलाने वाले 500 लड़कियों को बंगाल और बांग्लादेश से लाए थे। वहीं बीते महीने भी पुलिस ने ऐसे बड़े रैकेट का खुलासा किया था। राजधानी के दो थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 16 सेक्स वर्कर्स सहित 21 को गिरफ्तार किया गया था।

सेक्स रैकेट चलाने वालों पर पुलिस की नजर है। लगातार कार्रवाई हो रही है। चार लड़कियों को सौदागरों के चंगुल से छुड़ाया गया है। तीनों लड़कियों को जेल भेजा जा रहा है, क्योंकि इनके पास न तो पासपोर्ट है और न ही वीजा। मनीषा नामक युवती की तलाश की जा रही है।

-चंदन कुमार सिन्हा, एसएसपी, रांची