RANCHI: रांची के इकलौता टोल प्लाजा पर वाहनों की एक किलोमीटर लंबी लाइन लग रही है। इसमे वैसी कार वालों को भी परेशानी हो रही है, जिन्होंने अपनी गाडि़यों में फास्टैग भी लगवा लिया है। टोल प्लाजा वालों की गलती के कारण फास्टैग वाली लेन में भी बिना फास्टैग वाली गाडि़यों की एंट्री करा दी जा रही हैं, जिसके कारण लंबा जाम लग रहा है। गुरुवार से ओरमांझी स्थित पुंदाग टोल प्लाजा पर जिन गाडि़यों में फास्टैग नहीं लगा है उनके लिए सिर्फ एक लेन खुली रखी गई है, यानी एक ही लेन से बिना फास्टैग वाली गाडि़यां पार की जानी हैं। बाकी जितनी भी लेन हैं सभी में फ ास्टैग लगी गाडि़यां ही पार करेंगी। इसका असर यह हो रहा है कि बिना फास्टैग की गाडि़यों के ही लंबा जाम लगना शुरू हो गया है।

एक किमी लंबा जाम

गुरुवार को पुंदाग टोल प्लाजा पर एक घंटे तक गाडियों का लंबा जाम लग गया। इसमें वैसे लोग भी एक घंटे तक जाम में फंसे रहे, जिन्होंने अपनी गाडि़यों में फास्टैग लगवा लिया है। गुरुवार से ही जिन गाडि़यों में फास्टैग नहीं लगा है उनको एक ही लेन में आने की इजाजत है। इस कारण एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

रांची टोल पर है 14 लेन

रांची स्थित पुंदाग टोल प्लाजा पर 14 लेन हैं, इसमें से दोनों तरफ से आने और जाने वाली गाडि़यों के लिए सबसे अंतिम के बाएं साइड की लेन बिना फास्टैग वाली गाडि़यों के लिए सुनिश्चित किया गया है। एक ही लेन होने के कारण गाडि़यों का लंबा जाम लगना शुरू हो गया है। हालांकि फास्टैग वाली गाडि़यां सभी 14 दिन में से किसी से भी गुजर सकती हैं। जिन लोगों ने फास्टैग ले लिया है उनके लिए 12 लेन सुरक्षित है, वो आसानी से गुजर सकते हैं, उनको ना तो जाम की स्थिति का सामना करना पड़ेगा ना ही किसी और समस्या का सामना करना पड़ेगा।

देना पड़ रहा डबल पैसा

एनएचएआई की ओर से यह नियम लागू किया गया है कि बिना फास्टैग वाली गाड़ी एक ही लेन से गुजरेगी, चाहे कितना भी लंबा उनको इंतजार करना पडे़। लेकिन अगर आप की गाड़ी में फास्टैग नहीं लगा है और आप फास्टैग वाली लेन से गुजरना चाहते हैं तो गुजर सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपको डबल टोल देकर ही गुजरना होगा। अगर सिंगल टोल देकर गुजारना चाहते हैं तो एक ही लेन में गुजरना होगा चाहे उसमें कितना भी समय लगे।