रांची (ब्यूरो) । तमाड़ थाना क्षेत्र के रांची टाटा मार्ग पर रडग़ांव चौक के समीप एक कार जेएच 01 बीएल 8577 की चपेट में आ जाने से मोटरसाइकिल पर सवार कोकाडीह गांव निवासी झारखंड आंदोलनकारी सह बिरसा उच्च विद्यालय के शिक्षक त्रिलोचन महतो 52 वर्ष की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार अन्य व्यक्ति कोकाडीह निवासी कैलाश महतो 53 वर्ष गंभीर रूप से जख्मी हो गये। घटना शनिवार शाम पांच बजे की बताई जा रही है। घायल कैलाश महतो को प्राथमिक उपचार तमाड़ स्वास्थ्य केंद्र में कराकर बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेज दिया।

कार के परखच्चे उड़ गये

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार त्रिलोचन महतो और कैलाश महतो एक मोटरसाइकिल जेएच 01

सीवाई 5492 पर सवार होकर रंगामाटी से अपने घर कोकाडीह आ रहे थे। इसी क्रम में टाटा से रांची की ओर जा रही कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे त्रिलोचन महतो कार में फंस गये। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। घटना के बाद स्थानीय लोंगों की सहायता से वाहन में फंस त्रिलोचन महतो को निकाला गया। उन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस से तमाड़ अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोकाडीह गांव में मातम छा गया। वहीं दुर्घटना के बाद गांव के ग्रामीण घटना स्थल की और दौड़ पड़े।