RANCHI: झारखंड में तीसरे चरण के चुनाव को लेकर गुरुवार को 17 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए। रांची जिले के कुल पांच विधानसभा सीट कांके, खिजरी, हटिया, सिल्ली और रांची में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। डीसी राय महिमापत रे और एसएसपी अनीश गुप्ता सुबह से कंट्रोल रूम में बैठकर राजधानी के एक-एक बूथ निगरानी रखे रहे। जिले के थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करते रहे। खिजरी और सिल्ली में सुबह 7 बजे से लेकर 3 बजे तक मतदान हुआ। वहीं कांके, हटिया और रांची में मतदान का समय सुबह 7बजे से लेकर 5 बजे तक हुआ।

भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान

रांची, कांके हटिया, सिल्ली और खिजरी विधानसभा क्षत्रों में मतदान को प्रशासन ने भयमुक्त और शांतिपूर्ण बताया। सभी मतदान केन्द्रों पर मतदानकर्मी अहले सुबह तक पहुंच गये थे। इसके बाद मॉक पोल करायी गयी। सभी चुनावी प्रक्रिया समय से शुरू करायी गयी। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद तैयारी के बीच भयमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराया गया।

वेबकास्टिंग से पैनी नजर

जिला समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राय महिमापत रे की अगुवाई में सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिये पैनी नजर रखी गयी। चुनाव प्रक्रिया संबंधित पल-पल की जानकारी ली गयी। वहीं एसएसपी अनीश गुप्ता भी चुनाव प्रक्रिया की पूरी गतिविधि पर कड़ी निगरानी बनाए रखे।