रांची(ब्यूरो)। झारखंड और श्रीलंका के बीच व्यापारिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और सेलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स के बीच एमओयू हुए, जिसपर झारखंड चैंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री और सेलोन चैंबर के सचिव बुवानेकाबाहु परेरा द्वारा हस्ताक्षर किया गया। वार्ता के क्रम में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि दोनों ही देशों की इच्छाशक्ति से देश में व्यापारिक व औद्योगिक गतिविधियां बढेंग़ी। झारखंड चैंबर की कोलंबो स्थित सेलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में अवगत कराया गया कि श्रीलंका की गिरती अर्थव्यवस्था में सुधार की दिशा में भारत सरकार द्वारा काफी सकारात्मक सहयोग किया जा रहा है, जिससे श्रीलंका के स्टेकहोल्डर्स उत्साहित हैं और भारत की तरफ आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। बैठक में स्पाइस, माइनिंग, फर्नीचर, ड्राइ फ्रूट्स, टायर समेत विभिन्न सेक्टर्स के व्यापार में संलग्न सेलोन चैंबर के 50 से भी अधिक सदस्य उपस्थित थे, जिन्होंने झारखंड के व्यापारियों के साथ अपने-अपने विचार साझा किये।

डेलीगेशन ने उद्योगों का भ्रमण किया

बैठक के उपरांत स्थानीय उद्यमियों ने झारखंड चैंबर के प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्टेकहोल्डर्स को कोलंबो में स्थापित उद्योगों का भ्रमण भी कराया। इस बिजनेस ट्रीप के को-ऑर्डिनेटर चैंबर के उपाध्यक्ष अमित शर्मा और सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि स्थानीय स्टेकहोल्डर्स से मिल रही जानकारी के अनुसार श्रीलंका में टायर के एक्सपोर्ट, फर्निस ऑयल, फर्टीलाइजर, सोलर एनर्जी और टेक्सटाइल के क्षेत्र में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि देश में आर्थिक गतिविधियों को बढावा देने में चैंबर्स का योगदान महत्वपूर्ण है। झारखंड और श्रीलंका के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढावा देने की दिशा में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का यह दौरा सफल साबित होगा।

50 से अधिक व्यापारी उद्यमी शामिल

बैठक में सिलोन चैंबर के सचिव बुवेनेकाबाहु परेरा, एचएमवी बैंक की ओर से नताशा हे, दमिता पल्लवेटे, सुपुन दियास, मजेला रोडरीगो, कमोडीटी डेवलपमेंट इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट डॉ डीएसके पथीराना, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश महतो, सदस्य कमल सिंघानिया, सुभाष राजगढिया, बिजय हरलालका, निरंजन शर्मा, गयारसीलाल गोयल, सुनिल सरावगी, संतोष अग्रवाल, विकास झाझरिया, नवीन अग्रवाल, रमेश साहू, चंद्रप्रकाश ढेलिया, संजय अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, विकास सिंघानिया, श्रवण कुमार, विष्णु कुमार अग्रवाल, नवीन जैन के अलावा कोलंबो के 50 से अधिक व्यापारी व उद्यमी शामिल हैं।

चार दिवसीय दौरे का दूसरा दिन

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चार दिवसीय श्रीलंका दौरे के क्रम में दूसरे दिन शनिवार को बैक टू बैक विभिन्न कंपनियों, चैंबर्स और बैंक के साथ बैठकें हुईं। सुबह श्रीलंका कमोडिटी डेवलपमेंट इंटरनेशनल कंपनी के साथ संपन्न हुई बैठक में भारत सरकार और श्रीलंका सरकार के बीच पूर्व में हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, आईटी, ट्रांसपोर्ट और एजुकेशन के क्षेत्र में व्यापार की संभावनाओं पर विधिवत चर्चा हुई। झारखंड चैंबर द्वारा यह जानने का प्रयास किया गया कि वर्तमान वित्तीय हालातों के बीच किन क्षेत्रों में झारखंड और श्रीलंका के बीच व्यापार की संभावनाएं हैं।

एचएनबी के साथ बिजनेस फोरम

श्रीलंका की सबसे विख्यात बैंकों में से एक एचएनबी बैंक द्वारा झारखंड चैंबर के प्रतिनिधिमंडल के साथ बिजनेस फोरम का आयोजन किया गया। अवगत कराया गया कि पिछले दो वर्षोंं के दौरान श्रीलंका में उत्पन्न आर्थिक संकटों से निपटने के बाद अब श्रीलंका में आर्थिक हालात सुधर रहे हैं। सरकार की हालिया नीतियों से देश में निवेश की संभावनाओं को भी बल मिला है। यह अवगत कराया गया कि एचएनबी बैंक निवेशकों को आसानीपूर्वक ऋण मुहैया कराने के साथ ही उद्योग स्थापित करने तक में सहयोगात्मक भूमिका के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों की चिंता को देखते हुए झारखंड चैंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने प्राय: सभी बैठकों में यह चिंता जताई की कि निवेशकों के सिक्योरिटी की गारंटी किस प्रकार संभव होगी। एचएनबी बैंक के अधिकारियों ने निवेशकों की सुरक्षा का विश्वास दिलाते हुए श्रीलंका में निवेश के हर अवसर का उपयोग करने के लिए झारखंड के स्टेकहोल्डर्स को आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने श्रीलंका में निवेश के अवसरों और बैंकिंग सेवाओं के बारे में भी गहन जानकारी ली। इस दौरान सदस्यों ने प्रश्न भी पूछे, जिसका संतोषप्रद जवाब मिला। 30 अगस्त से श्रीलंका में शुरू हो रहे एशिया कप में शामिल होने के लिए बैंक के शीर्ष अधिकारियों ने झारखंड चैंबर के प्रतिनिधिमंडल को निमंत्रण भी दिया।